राजकीय डिग्री महाविद्यालय, सिंघिया में 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के मूल्यों, नागरिक अधिकारों एवं लोकतांत्रिक दायित्वों के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही।
महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. सत्येन कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आत्मा है। यह प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व का अधिकार प्रदान करते हुए राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को सुदृढ़ करता है। उन्होंने भारतरत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के प्रसिद्ध संदेश “शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो” का उल्लेख करते हुए कहा कि यह संदेश आज भी सामाजिक परिवर्तन, समानता और अधिकारों के प्रति जागरूकता का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा को केवल व्यक्तिगत उन्नति का माध्यम न मानकर सामाजिक चेतना और लोकतांत्रिक मूल्यों के विकास का साधन बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संविधान के आदर्शों को केवल पढ़ना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें अपने व्यवहार और जीवन में आत्मसात करना भी आवश्यक है। युवा पीढ़ी को संविधान के प्रति जागरूक बनाना तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनमें प्रतिबद्धता विकसित करना शैक्षणिक संस्थानों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम की संयोजिका अपूर्वा कृति ने भारतीय संविधान में वर्णित मौलिक अधिकारों की विस्तारपूर्वक चर्चा की। उन्होंने कहा कि मौलिक अधिकार प्रत्येक नागरिक के व्यक्तित्व विकास, गरिमा और स्वतंत्रता के आधार हैं। वर्तमान सामाजिक एवं राजनीतिक परिदृश्य में इन अधिकारों की प्रासंगिकता और भी बढ़ जाती है। संविधान की मूल भावना को समझना और उसे व्यवहार में उतारना आज की महत्वपूर्ण आवश्यकता है।
कार्यक्रम के सह-संयोजक प्रतीक दीप ने भारतीय संविधान के समक्ष उपस्थित विभिन्न समकालीन चुनौतियों पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि संवैधानिक आदर्शों को बनाए रखना केवल संस्थाओं की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक न्याय, समानता और संवैधानिक मर्यादाओं के समक्ष उत्पन्न चुनौतियों के प्रति सजग रहना आवश्यक है।
वहीं, समाजशास्त्र विभाग के मिलन कुमार ने न्यायपालिका की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए विभिन्न न्यायिक निर्णयों की चर्चा की। उन्होंने बताया कि न्यायपालिका के महत्वपूर्ण फैसले संविधान की व्याख्या, संवैधानिक मूल्यों की रक्षा और नागरिकों के अधिकारों के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर क्विज प्रतियोगिता का भी आयोजन किया किया गया तथा विजेताओं के बीच पुरस्कार तथा सर्टिफिकेट का वितरण किया गया।
कार्यक्रम का मंच संचालन अर्थशास्त्र विभाग की सहायक प्राध्यापिका कल्याणी कुमारी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. अंकलेश कुमार ने किया। कार्यक्रम में अवधेश कुमार, डॉ. कुमारी मनीषा, नवनीत कुमार, अन्वेषा कुमारी सहित महाविद्यालय के अन्य शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारी उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की सहभागिता ने कार्यक्रम को सफल और सार्थक बनाया।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को संविधान के प्रति जागरूक होने तथा उसके मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने का संदेश दिया गया।

Total Users : 10358491
Views Today : 4043