Explore

Search

November 25, 2026 9:44 am

आरा में शादी समारोह के दौरान ताबड़तोड़ फायरिंग, दो युवकों की मौत, एक गंभीर रूप से घायल

आरा में शादी समारोह के दौरान ताबड़तोड़ फायरिंग, दो युवकों की मौत, एक गंभीर रूप से घायल

भोजपुर: बिहार के भोजपुर जिले के आरा में एक शादी समारोह उस समय मातम में बदल गया, जब हथियारबंद अपराधियों ने तीन दोस्तों पर अंधाधुंध गोलीबारी कर दी। इस घटना में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

 

मिली जानकारी के अनुसार, घटना भोजपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बीबीगंज चकिया गांव की है। तीनों युवक अपने मामा की बेटी की शादी में शामिल होने पहुंचे थे। बारात के आगमन और शादी की खुशियों के बीच पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने तीनों दोस्तों को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। अचानक हुई फायरिंग से समारोह में अफरा-तफरी मच गई।

 

गोलीबारी में शुभकरण गंज निवासी 18 वर्षीय राहुल कुमार और 22 वर्षीय दीपक कुमार की मौत हो गई। वहीं, दौलतपुर निवासी 18 वर्षीय सोनू कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। एसडीपीओ-1 सुशील कुमार के अनुसार, शुरुआती जांच में मामला आपसी विवाद या पुरानी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया है।

पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखा और एक पिस्टल बरामद की है। घायल युवक और उसके भाई ने कुछ लोगों पर गोलीबारी करने का आरोप लगाया है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

### शादी की खुशियां मातम में बदलीं

जिस घर में कुछ देर पहले तक शादी के गीत और शहनाई गूंज रही थी, वहां गोलियों की आवाज के बाद चीख-पुकार मच गई। दो युवकों की मौत से उनके परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

 

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!