सिंघिया में सड़क हादसा: बाइक की टक्कर से 25 वर्षीय युवक घायल, DMCH रेफर
बिहार के समस्तीपुर जिले के सिंघिया थाना क्षेत्र में सिंघिया-बहेरी मुख्य सड़क (स्टेट हाईवे-88) पर सोमवार की बीती रात बाइक दुर्घटना में एक 25 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को इलाज के लिए सिंघिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
घायल युवक की पहचान सिंघिया थाना क्षेत्र के लक्ष्मीनिया गांव निवासी राम विलास यादव के 25 वर्षीय पुत्र अजय कुमार के रूप में हुई है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उपस्थित चिकित्सक डॉ. राकेश कुमार ने उनका प्राथमिक उपचार किया। स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMCH) रेफर कर दिया गया।
घटना के संबंध में बताया गया कि अजय कुमार बाइक से अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान लिलहौल गांव के समीप सामने से आ रहे एक अन्य बाइक सवार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी और घटनास्थल से फरार हो गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया।
इस संबंध में सिंघिया थानाध्यक्ष श्याम कुमार मेहता ने बताया कि सड़क दुर्घटना की जानकारी मिली है। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।

Total Users : 10352850
Views Today : 3813