Explore

Search

November 26, 2026 8:44 pm

सिंघिया प्रखंड के सभी पंचायतों में 29 नवंबर को मनेगा पंचायत विकास दिवस, बीडीओ विवेक रंजन ने जारी किया निर्देश

सिंघिया प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायतों के सतत विकास, सरकारी योजनाओं की समीक्षा और ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान को लेकर दिनांक 29/11/2026 (रविवार) को को सिंघिया प्रखंड की सभी ग्राम पंचायतों में पंचायत विकास दिवस का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में बीडीओ विवेक रंजन ने सभी मुखिया, पंचायत सचिवों एवं संबंधित पंचायत रोजगार सेवकों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कार्यक्रम का आयोजन निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार सुनिश्चित करने को कहा है। निर्देश के अनुसार प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को सभी ग्राम पंचायतों में “पंचायत विकास दिवस” आयोजित किया जाना है। कार्यक्रम की अध्यक्षता संबंधित पंचायत के मुखिया करेंगे, जबकि बैठक का संचालन पंचायत सचिव की ओर से किया जाएगा। हालांकि, जिले में पंचायत सचिवों के पद रिक्त रहने के कारण कई सचिवों के पास अतिरिक्त पंचायतों का प्रभार है। ऐसी स्थिति में अतिरिक्त प्रभार वाले पंचायत सचिव अपने मूल पदस्थापन वाली पंचायत में कार्यक्रम आयोजित करेंगे। वहीं, जिन पंचायतों में पंचायत सचिव अतिरिक्त प्रभार में हैं, वहां कार्यक्रम का संचालन संबंधित पंचायत के पंचायत रोजगार सेवक करेंगे। कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार के लिए फ्लैक्स और बैनर की व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया गया है। बीडीओ विवेक रंजन ने मद्यनिषेध नीति को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए पंचायत स्तर पर विशेष जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया है। मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग के निर्देशों के आलोक में सभी ग्राम पंचायत भवनों पर शराबबंदी से संबंधित स्लोगन अंकित कराने और पोस्टर चिपकाकर प्रचार-प्रसार करने को कहा गया है। इसके साथ ही ग्रामीणों को शराब और अन्य प्रकार के नशे से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी देकर जागरूक किया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य निरोधात्मक कार्रवाई के साथ-साथ आम नागरिकों की भागीदारी से नशामुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। पंचायती राज विभाग के निर्देश के अनुसार, पंचायत विकास दिवस में हर महीने अलग-अलग सरकारी योजनाओं और सेवाओं की समीक्षा की जाएगी। जुलाई में मुख्यमंत्री पेयजल निश्चय योजना, अगस्त में लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान तथा सितंबर में आरटीपीएस के संचालन की स्थिति पर चर्चा निर्धारित थी। अक्टूबर महीने में मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना की प्रगति और क्रियान्वयन पर परिचर्चा होगी। नवंबर में मृत्यु प्रमाण-पत्र निर्गत करने की स्थिति की समीक्षा की जाएगी। पंचायती राज मंत्रालय ने सतरह (17) सतत विकास लक्ष्यों (SDGs) को नौ (09) व्यापक विषयों में समेकित करके एक विषय-आधारित दृष्टिकोण अपनाया है, ताकि “संपूर्ण सरकार और संपूर्ण समाज” दृष्टिकोण के सिद्धांतों द्वारा निर्देशित होकर पंचायतों के माध्यम से जमीनी स्तर पर इन लक्ष्यों का स्थानीयकरण किया जा सके। इस हेतु कुल नौ (09) व्यापक विषयों में से पांच (05) विषयों पर चर्चा पिछले माह तक आयोजित पंचायत विकास दिवस कार्यक्रम में किया जा चुका है। नवंबर माह में “जल पर्याप्त पंचायत” थीम अर्थात विषय पर चर्चा की जाएगी।आगामी महीनों में भी इसी क्रम के अनुसार पूर्व से निर्धारित संबंधित योजनाओं पर चर्चा की जाएगी।

कार्यक्रम में पंचायत कार्यपालक सहायक को आवश्यक सहयोग प्रदान करने हेतु निदेशित किया गया। बीडीओ विवेक रंजन ने स्पष्ट किया है कि पंचायत विकास दिवस के आयोजन में किसी भी कर्मी की अनुपस्थिति अथवा लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा। इस संबंध में प्रखंड स्तरीय पर्यवेक्षीय पदाधिकारियों, पंचायत स्तरीय कर्मियों, कार्यक्रम पदाधिकारी (मनरेगा) , प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी ,रोसड़ा और जिला पंचायत राज पदाधिकारी, समस्तीपुर को भी सूचना एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए निदेश की प्रतिलिपि भेजी गई है।

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!