चिगड़ी सिमराहा पंचायत के तासमनपट्टी शनिचरा गांव में सड़क पर धान रोपकर वोट बहिष्कार का ऐलान
दरभंगा जिले के कुशेश्वरस्थान विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत चिगड़ी सिमराहा पंचायत के तासमनपट्टी शनिचरा गांव में ग्रामीणों ने विधानसभा चुनाव 2025 में वोट बहिष्कार का ऐलान किया है। समाजसेवी रविन कुमार, त्रिभुवन कुमार और एनएसयूआई जिलाध्यक्ष दिलखुश कुमार के नेतृत्व में ग्रामीण कार्य विभाग की सड़क पर धान रोपकर विरोध जताया गया।
समाजसेवी त्रिभुवन कुमार ने कहा कि आजादी के बाद से अब तक गांव में एक बार भी सड़क का निर्माण नहीं हुआ है। स्थानीय विधायक और सांसद केवल चुनाव के समय जनता को झूठे वादे कर वोट लेते रहे हैं। जब तक सड़क निर्माण नहीं होगा, तब तक जनप्रतिनिधियों का गांव में प्रवेश वर्जित रहेगा।
एनएसयूआई जिलाध्यक्ष दिलखुश कुमार ने आरोप लगाया कि वर्तमान विधायक अमन भूषण हजारी और सांसद शांभवी चौधरी के प्रति पूरे क्षेत्र में नाराजगी है। उन्होंने कहा कि जनता से भेदभाव और विकास कार्यों की अनदेखी के खिलाफ यह आंदोलन जारी रहेगा।

Total Users : 10317576
Views Today : 2429