Explore

Search

January 23, 2026 8:37 pm

दोस्त के साथ राजगीर घूमने आई नाबालिग से दुष्कर्म की कोशिश

दोस्त के साथ राजगीर घूमने आई नाबालिग से दुष्कर्म की कोशिश

बिहार के पर्यटन नगरी राजगीर में छेड़खानी का मामला सामने आया है. विपुला गिरी पहाड़ पर बिहारशरीफ की रहने वाली एक नाबालिग लड़की अपने दो दोस्तों के साथ घूमने गई थी. पहाड़ पर चढ़ते समय चार युवकों ने उनका पीछा किया और सुनसान जगह पर लड़की के दोस्त के साथ मारपीट कर उसे भगा दिया.

नाबालिग से दुष्कर्म की कोशिश: आरोपी युवक नाबालिग लड़की को जबरन जंगल की ओर ले जाने की कोशिश करने लगे. इसी दौरान उन्होंने छेड़छाड़ और बदसलूकी की. पीड़ित लड़की का दोस्त पहाड़ से भागकर नीचे आया और स्थानीय लोगों व अन्य पर्यटकों से मदद मांगी. पर्यटकों ने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी.

एक आरोपी को मौके से पुलिस ने दबोचा: सूचना मिलते ही राजगीर डीएसपी सुनील कुमार और हिलसा डीएसपी कुमारी शैलजा मौके पर पहुंचे. डायल 112 की टीम ने तत्परता दिखाते हुए पहाड़ पर छापेमारी की और एक आरोपी को मौके से पकड़ लिया. अन्य तीन आरोपी भाग निकले. पुलिस ने नाबालिग को सकुशल बचा लिया.

राजगीर का है गिरफ्तार आरोपी: पकड़े गए आरोपी की पहचान राजगीर थाना क्षेत्र के युवक के रूप में हुई है. राजगीर थानाध्यक्ष रमन कुमार ने बताया कि युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है. पीड़िता ने उसकी शिनाख्त कर ली है. पुलिस ने पहाड़ की घेराबंदी कर अन्य आरोपियों की तलाश तेज कर दी है.

बड़ी घटना टली: पुलिस की मुस्तैदी से विपुला गिरी पर एक बड़ी वारदात होने से बच गई. थानाध्यक्ष रमन कुमार ने कहा कि घटना के समय लड़की और उसके दोस्त पुलिस की नजर बचाकर जंगल के रास्ते से पहाड़ पर चढ़ रहे थे, जिस कारण यह संयोगवश हुआ.

पर्यटन सीजन में बढ़ती चिंता: सर्दियों में राजगीर में पर्यटन सीजन चल रहा है. देश-विदेश से लाखों पर्यटक यहां आते हैं. इस घटना से पर्यटकों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है. ऐतिहासिक स्थलों और पहाड़ों पर ऐसी वारदातें पर्यटन को प्रभावित कर रही हैं.
सुरक्षा के इंतजाम: थानाध्यक्ष रमन कुमार ने बताया कि पर्यटकों की सुरक्षा के लिए सभी स्थलों पर पुलिस पेट्रोलिंग और गश्त बढ़ा दी गई है. सुबह 6 बजे से पुलिस जवान ड्यूटी पर तैनात रहते हैं. वहीं ऐसी घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था की कमियों को उजागर कर रही हैं. फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.

“सैलानियों की सुरक्षा को देखते हुए सभी पहाड़ी पर पुलिस के जवान सुबह 6:00 बजे से ड्यूटी में तैनात रहते हैं, लेकिन यह संयोग ही था कि नाबालिग लड़की एवं उसके दोस्त पुलिस से छिपकर जंगल के किनारे से पर्वत पर चढ़ रहे थे. पुलिस की तत्परता से राजगीर के पहाड़ी पर एक बहुत बड़ी घटना होने से बच गई.”- रमन कुमार, थानाध्यक्ष

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!