Explore

Search

March 13, 2026 10:19 am

बिहार से बहुत बड़ी खबर :मुजफ्फरपुर में 50 हजार की घूस लेते जिला कृषि पदाधिकारी गिरफ्तार

बिहार से बहुत बड़ी खबर :मुजफ्फरपुर में 50 हजार की घूस लेते जिला कृषि पदाधिकारी गिरफ्तार

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए Special Vigilance Unit, Bihar (SVU) ने जिला कृषि पदाधिकारी और उनके ड्राइवर को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह ट्रैप कार्रवाई मंगलवार को की गई, जिससे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया।
लाइसेंस रद्द करने की धमकी देकर मांगी जा रही थी रिश्वत
निगरानी विभाग को एक परिवादी द्वारा लिखित शिकायत दी गई थी, जिसमें आरोप लगाया गया कि हिमांशु कुमार, जो अनुमंडल कृषि पदाधिकारी सह प्रभारी जिला कृषि पदाधिकारी, मुजफ्फरपुर के पद पर तैनात हैं, खाद दुकान की जांच के नाम पर लाइसेंस रद्द करने का भय दिखाकर 50 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे थे। शिकायत के अनुसार यह राशि उनके ड्राइवर रामबाबू राय के माध्यम से ली जानी थी।
जाल बिछाकर की गई गिरफ्तारी
शिकायत मिलने के बाद SVU ने मामले की गोपनीय जांच और सत्यापन कराया, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद निगरानी के पुलिस उपाधीक्षक बिंदेश्वर प्रसाद और डीएसपी सुधीर कुमार के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और जैसे ही रिश्वत की रकम का लेन-देन शुरू हुआ, मौके पर छापा मारकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
निगरानी डीएसपी सुधीर कुमार ने बताया कि अधिकारी रिश्वत की राशि अपने ड्राइवर के माध्यम से ले रहे थे, जिसे साक्ष्यों सहित जब्त किया गया है।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज
इस मामले में SVU थाना कांड संख्या 6/26, दिनांक 17.02.26 के तहत भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
SVU की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि सरकारी कामकाज में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!