रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार हुए प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारी, निगरानी ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई
पटना/रोहतास, 24 अप्रैल 2026:
भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, बिहार की टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। ब्यूरो की टीम ने रोहतास जिले के राजपुर प्रखंड में पदस्थापित प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारी जनार्दन कुमार को 10,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, निगरानी थाना कांड संख्या 049/26 दिनांक 22 अप्रैल 2026 के तहत इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। शिकायतकर्ता प्रशांत कुमार (पिता- रवि रंजन प्रसाद, निवासी- राजपुर, रोहतास) ने आरोप लगाया था कि धान अधिप्राप्ति से संबंधित पैक्स के भौतिक सत्यापन रिपोर्ट भेजने के एवज में आरोपी अधिकारी द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही थी।
शिकायत के सत्यापन के बाद निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया। इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए 24 अप्रैल को आरोपी जनार्दन कुमार को न्यू रॉयल हॉस्पिटल, राजपुर के पास सड़क किनारे 10,000 रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसे निगरानी के विशेष न्यायालय, पटना में प्रस्तुत किया जाएगा। फिलहाल इस मामले में आगे की अनुसंधान प्रक्रिया जारी है।
इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और सरकारी विभागों में व्याप्त भ्रष्टाचार पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।






Total Users : 10090110
Views Today : 720