जहांगीरपुर पंचायत में 1 सितंबर को लगेगा सहयोग शिविर, ग्रामीणों की समस्याओं का होगा त्वरित समाधान
बिहार के समस्तीपुर जिले के सिंघिया प्रखंड अंतर्गत जहांगीरपुर पंचायत में आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से 1 सितंबर 2026, मंगलवार को पंचायत स्तरीय सहयोग शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर का आयोजन मध्य विद्यालय, लगमा उत्तर में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगा।
शिविर में पंचायत के आम नागरिकों को अपनी समस्याएं, शिकायतें एवं सुझाव सीधे प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर मिलेगा। विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मी शिविर में मौजूद रहेंगे और सरकारी योजनाओं से संबंधित शिकायतों पर कार्रवाई, आवेदन प्राप्त करने तथा आवश्यक मार्गदर्शन देने का कार्य करेंगे।
प्रखंड विकास पदाधिकारी विवेक रंजन ने बताया कि सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग, बिहार, पटना के पत्रांक 13989 दिनांक 01 अगस्त 2026 तथा जिला पदाधिकारी, समस्तीपुर के आदेश के आलोक में चक्रानुसार माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को सहयोग शिविर आयोजित किया जाता रहेगा।
उन्होंने बताया कि द्वितीय चरण का रोस्टर जारी होने के बाद जहांगीरपुर पंचायत में शिविर के आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। पंचायत में पूर्व निर्धारित स्थल पर ही शिविर आयोजित होगा।
बीडीओ ने पंचायत के आम नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर अपनी व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक समस्याओं, शिकायतों तथा सुझावों को प्रशासन के समक्ष रखें, ताकि उनका समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से समाधान किया जा सके।
प्रशासन का उद्देश्य सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और जनता एवं प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित कर समस्याओं का यथासंभव मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करना है।

Total Users : 10196472
Views Today : 2498