Explore

Search

August 26, 2026 11:05 pm

शादी में डांसर को बुलाया, फिर 24 घंटे तक किया सामूहिक दुष्कर्म

बिहार के बक्सर में राजपुर थाना क्षेत्र में 25 वर्षीय नर्तकी के साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म की सनसनीखेज घटना सामने आई है. घटना के बाद से पूरे इलाके में डर और आक्रोश का माहौल बन गया है. जानकारी के अनुसार, पीड़िता को एक वैवाहिक कार्यक्रम में प्रस्तुति देने के लिए बुलाया गया था, लेकिन कार्यक्रम के बाद उसके साथ हैवानियत की हद पार कर दी गई.

क्या कहती है पीड़िता: पीड़िता के बयान के मुताबिक एक युवक ने उसे कार्यक्रम के बहाने बुलाया. कार्यक्रम समाप्त होने के बाद आरोपी उसे बहला-फुसलाकर नदी किनारे ले गए. जहां पहले से मौजूद अन्य लोगों के साथ मिलकर उसे जबरन बंधक बना लिया गया. आरोप है कि करीब 24 घंटे तक उसे कैद में रखकर 4 से 5 लोगों ने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया. इस दौरान उसके कपड़े फाड़ दिए गए और उसे शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया.

बेहोशी की हालत में छोड़ा: पीड़िता ने यह भी बताया कि आरोपियों ने उसके साथ मारपीट करने के बाद उसे बेहोशी की हालत में छोड़ दिया. यहीं नहीं वारदात के बाद आरोपी पीड़िता का मोबाइल फोन तथा पैसे लेकर फरार हो गए. होश में आने के बाद किसी तरह पीड़िता गांव पहुंची और स्थानीय लोगों को अपनी आपबीती सुनाई. इसके बाद मामला सामने आया और पुलिस तक सूचना पहुंची.

एफआईआर दर्ज: घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस तुरंत हरकत में आई और पीड़िता के बयान के आधार पर राजपुर थाने में एफआईआर दर्ज की गई. इस मामले को लेकर पुलिस ने बताया कि कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. साथ ही, घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में साक्ष्य जुटाने के लिए पुलिस टीम सक्रिय रूप से जांच में जुटी है. साथ ही वरीय अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीमों का गठन कर आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है.

गौरतलब है कि इस घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है और लोग आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं, पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल, यह मामला पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं.

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!