पूर्णिया में जर्जर पुल ढहा, गिट्टी लदा हाइवा नदी में समाया; 85 गांवों का संपर्क टूटा
पूर्णिया: अमौर प्रखंड में डगरा घाट का पुराना जर्जर पुल सोमवार को गिट्टी लदे हाइवा के गुजरने के दौरान अचानक ढह गया। पुल टूटने के साथ ही हाइवा परमान नदी में जा गिरा और पानी में पूरी तरह डूब गया।
हादसे के बाद पुल से जुड़े करीब 80 से 85 गांवों का संपर्क टूट गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, भारी वाहनों के आवागमन पर रोक के बावजूद हाइवा पुल पार कर रहा था। ड्राइवर और हेल्पर के सुरक्षित निकलने की बात कही जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि सर्च ऑपरेशन के बाद ही होगी।
घटना की सूचना मिलते ही बीडीओ, अंचल अधिकारी और थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। वाहन में कोई व्यक्ति फंसा है या नहीं, इसकी जांच के लिए SDRF की टीम को बुलाया गया है। पुल टूटने से ग्रामीणों को आवागमन, पढ़ाई और खासकर मेडिकल इमरजेंसी में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पुल की जल्द मरम्मत कराने या वैकल्पिक रास्ते की व्यवस्था करने की मांग की है।

Total Users : 10206838
Views Today : 3133