बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर अक्सर सवाल उठते रहे हैं, लेकिन बेगुसराय के एक सरकारी अस्पताल से सामने आई तस्वीर ने हर किसी को हैरान कर दिया है। यहां सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल एक मरीज के टूट चुके पैर पर प्लास्टर चढ़ाने के बजाय कार्टन बांध दिया गया। अस्पताल प्रशासन की इस भारी लापरवाही का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है। जैसे ही सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, पूरे स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया और अब मामले की जांच के आदेश दे दिए गए।
कब की घटना
शुक्रवार को एक सीनियर मेडिकल अफ़सर ने बताया कि बिहार सरकार ने बेगूसराय ज़िले में सड़क हादसे में पैर टूटने के बाद एक व्यक्ति को शुरुआती इलाज देने में अस्पताल के कर्मचारियों की कथित लापरवाही की जांच शुरू कर दी है। यह घटना 15 जुलाई को हुई थी, लेकिन तब सामने आई जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेज़ी से वायरल हुआ, जिसमें मरीज़ के टूटे हुए पैर पर स्प्लिंट की तरह कार्टन बंधे हुए दिखाई दे रहे थे।
अधिकारियों ने बताया कि 15 जुलाई की रात, नवकोठी थाना क्षेत्र के महेश्वरा गांव के रहने वाले कृष्ण कुमार सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें मंझौल अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया। बेगूसराय के सिविल सर्जन अशोक कुमार ने बताया, इसे मेडिकल लापरवाही नहीं कहा जा सकता क्योंकि यह प्रक्रिया जान बचाने के लिए अपनाई गई थी, लेकिन हमने यह पता लगाने के लिए जांच शुरू की है कि किन हालात में यह प्रक्रिया की गई।
मजिस्ट्रेट ने दिए जांच के आदेश
उन्होंने बताया कि मंझौल अनुमंडलीय अस्पताल में मरीज़ के पैर के टूटे हुए हिस्से को स्थिर करने के बाद, कर्मचारियों ने उसे बेगूसराय सदर अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसका सफल इलाज हुआ। कुमार ने आगे कहा कि मरीज़ के इलाज के बाद डिस्चार्ज होने के काफी समय बाद सोशल मीडिया पर यह वीडियो वायरल हुआ। ज़िला मजिस्ट्रेट श्रीकांत शास्त्री ने मंझौल के सब-डिविज़नल ऑफ़िसर को भी इस मामले की जांच करने का निर्देश दिया है।
फ्रैक्चर के मामलों में, सबसे पहली प्राथमिकता चोटिल अंग को हिलने-डुलने से रोकना होती है। अस्पताल के इंचार्ज अभिनव प्रियदर्शी ने कहा, “अगर फ्रैक्चर के लिए स्टैंडर्ड स्प्लिंट उपलब्ध न हो, तो कार्डबोर्ड, लकड़ी या किसी अन्य सख्त चीज़ का अस्थायी स्प्लिंट के तौर पर इस्तेमाल करना मेडिकल फ़र्स्ट-एड का एक तरीका है। उन्होंने कहा कि इससे मरीज़ को ले जाते समय टूटी हुई हड्डी को और ज़्यादा खिसकने से रोकने में मदद मिलती है और मरीज़ का दर्द भी कम होता है।
अस्पताल के मैनेजर ने कही ये बात
अस्पताल के मैनेजर गौरी शंकर ने बताया कि अस्पताल में ऑर्थोपेडिक स्पेशलिस्ट की संख्या सीमित है और यहां कई ज़रूरी चीज़ों, जैसे कि फ्रैक्चर स्प्लिंट्स, की भी कमी है। उन्होंने कहा कि कम चीजें उपलब्ध होने के बावजूद, उपलब्ध संसाधनों से सुरक्षित और असरदार इलाज मुहैया कराने की कोशिशें की जा रही हैं।
(Input:PTI)

Total Users : 10178224
Views Today : 3383