पटना के मेहंदीगंज थाना क्षेत्र स्थित रानीपुर अड्डा पूर्वी कस्बा में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। यहां मुकेश दास के 12 वर्षीय बेटे चिंटू कुमार की घर के पास खुले नाले में डूबने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, पटना नगर निगम वार्ड संख्या 61 दिन गुरुवार 6 अगस्त 2026 को चिंटू घर के पास खेल रहा था। इसी दौरान वह खुले नाले में गिर गया और डूबने से उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने बच्चे को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। घटना की सूचना पर मेहंदीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची , आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
लंबे समय से खुला हुआ है नाला
इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का आरोप है कि इलाके का नाला लंबे समय से खुला हुआ है और उसकी नियमित सफाई व उचित ढंकने की व्यवस्था नहीं की गई, जिसके कारण यह दर्दनाक दुर्घटना हुई। स्थानीय लोगों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि सभी खुले नालों को जल्द से जल्द ढंका जाए और नियमित सफाई कराई जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
मासूम चिंटू की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मां बार-बार चिंटू को पुकार रही है। मां की हालत देख पूरा मोहल्ला रो पड़ा। इलाके के आसपास के लोग भी इस घटना से बेहद दुखी हैं।
लापरवाही से खतरे का साया!
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है, जबकि स्थानीय लोग प्रशासन से लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई और इलाके में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग कर रहे हैं। यह घटना प्रशासन की तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े करती है. हर साल मॉनसून से पहले बड़े नालों को ढकने और सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने के दावे किए जाते हैं, लेकिन हकीकत यह है कि राजधानी में आज भी कई फ्लड ड्रेन खुले पड़े हैं. यही लापरवाही पहले भी कई लोगों की जान ले चुकी है।
बता दें कि एक दिन पहले ही दिल्ली में भी ओवरफ्लो नाले में 3 स्कूली बच्चे गिर गए थे। इस घटना का वीडियो पास में लगे सीसीटीवी में कैद हो गया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
(रिपोर्ट- बिट्टू कुमार)
यह भी पढ़ें-
बरेली में नाले में गिरकर बह गया दिव्यांग बच्चा, तीसरे दिन मिली 6 साल के प्रीत की लाश

Total Users : 10177767
Views Today : 1620