Explore

Search

September 5, 2026 10:34 am

कर्पूरी चौक पर आठ दिवसीय श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का शुभारंभ

कर्पूरी चौक पर आठ दिवसीय श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का शुभारंभ

बिहार के समस्तीपुर जिले के शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत कर्पूरी चौक पर श्री श्री 108 श्री कृष्ण जन्माष्टमी का 11वां वार्षिक महोत्सव मेला शुक्रवार की देर रात विधिवत रूप से शुरू हुआ। आठ दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव का शुभारंभ रोसड़ा विधायक बीरेन्द्र कुमार, पूर्व प्रदेश महामंत्री सह एनटीपीसी डायरेक्टर सुशील चौधरी, भाजपा जिला अध्यक्ष नीलम सहनी, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष विमल कुमार गोलू, सांसद प्रतिनिधि अशोक कुमार सिंह, बीस सूत्री अध्यक्ष संतोष कुमार बबली, बीडीओ वीरेंद्र कुमार सिंह, मुखिया संघ अध्यक्ष रामचंद्र सिंह, जिला पार्षद प्रतिनिधि बबलू सिंह, नुनू झा, विमलेश झा एवं माधव झा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर एवं फीता काटकर किया।
कार्यक्रम के शुभारंभ के बाद मेला कमेटी के अध्यक्ष गुंजन सिंह, संयोजक संतोष कमल, उपाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार, सुजीत, मुकेश शर्मा, आनंद वर्धन, जितेंद्र, सिकंदर सहित अन्य सदस्यों ने समारोह में पहुंचे अतिथियों को पाग, चादर एवं माला पहनाकर सम्मानित किया। इस दौरान महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखा गया।
मेला कमेटी के सदस्यों ने बताया कि कर्पूरी चौक पर पिछले करीब 11 वर्षों से प्रत्येक वर्ष श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में इस वर्ष भी 4 सितंबर से 11 सितंबर तक महोत्सव सह मेला आयोजित किया गया है। मेला परिसर में सुरक्षा एवं निगरानी को लेकर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया है।
महोत्सव में भोजपुरी संगीत जगत के कई चर्चित कलाकारों के पहुंचने की जानकारी दी गई। करीब आधा दर्जन से अधिक प्रसिद्ध भोजपुरी कलाकार मेला में अपनी प्रस्तुति देंगे। इससे क्षेत्र के लोगों में विशेष उत्साह है। इसके अलावा प्रत्येक दिन संध्या समय प्रवचन का आयोजन किया जाएगा। राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. मंजू लता जी के द्वारा प्रवचन किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालुओं को श्रीकृष्ण के जीवन, उनके आदर्शों एवं धर्म-संस्कृति से जुड़े प्रसंगों की जानकारी दी जाएगी।
महोत्सव के अंतिम दिन 11 सितंबर को मटका फोड़ कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा। इसके लिए विशेष तैयारी की गई है। आयोजन स्थल पर बच्चों के मनोरंजन के लिए विभिन्न प्रकार के झूले एवं अन्य साधन लगाए गए हैं। वहीं खान-पान एवं मिठाई की दुकानों के साथ महिलाओं के लिए मीना बाजार की भी व्यवस्था की गई है। मेला परिसर में लोगों के मनोरंजन के लिए विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम एवं दुकानें आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।
आयोजकों ने बताया कि महोत्सव का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ-साथ आपसी भाईचारा एवं सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना है। आठ दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणों के पहुंचने की उम्मीद है। आयोजन को सफल बनाने के लिए मेला कमेटी के सदस्य लगातार तैयारियों में जुटे हुए हैं।

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!