जहांगीरपुर में भीषण अगलगी, दुकान और घर जलकर राख; 3 लाख रुपये से अधिक की क्षति, 4 मवेशी झुलसे
बिहार के समस्तीपुर जिले के सिंघिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत जहांगीरपुर गांव में बीती रात्री गुरुवार को भीषण आग लगने से लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। इस अगलगी की घटना में एक दुकान और पड़ोसी का घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं, चार मवेशी भी झुलस गए।
अग्निपीड़ित ललन यादव ने बताया कि उनकी दुकान में शॉर्ट सर्किट के कारण अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान में रखे फ्रिज सहित अन्य सभी सामान जलकर राख हो गए। उन्होंने इस घटना में करीब 3 लाख रुपये की आर्थिक क्षति होने का अनुमान लगाया है।
वहीं, आग की लपटों ने पड़ोसी रमेश यादव के घर को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उनका पूरा घर जल गया और चार मवेशी झुलसकर घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने एकजुट होकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। ग्रामीणों की तत्परता से आग आसपास के अन्य घरों तक फैलने से बच गई, अन्यथा पूरे टोले में भारी तबाही हो सकती थी।
इस घटना से पीड़ित परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। अग्निपीड़ितों ने अंचलाधिकारी से नुकसान का आकलन कराकर सरकारी स्तर पर उचित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

Total Users : 10359848
Views Today : 2505