सिंघिया प्रखंड की सभी ग्राम पंचायतों में 28 जून को मनाया जाएगा पंचायत विकास दिवस, कर्मचारियों की उपस्थिति अनिवार्य
बिहार के समस्तीपुर जिले के सिंघिया प्रखंड क्षेत्र की सभी ग्राम पंचायतों में 28 जून 2026 (रविवार) को ‘पंचायत विकास दिवस’ का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी विवेक रंजन द्वारा सभी पंचायतों के लिए विस्तृत निर्देश जारी किए गए हैं। कार्यक्रम का आयोजन पंचायत सरकार भवन, पंचायत भवन अथवा सार्वजनिक स्थानों पर किया जाएगा।
जारी पत्र के अनुसार, इस बार पंचायत विकास दिवस का आयोजन ‘महिला हितैषी ग्राम पंचायत’ थीम पर किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं के अधिकारों को सशक्त बनाना, उन्हें सामाजिक एवं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ पंचायत स्तर पर जनजागरूकता बढ़ाना है।
पत्र में यह भी निर्देश दिया गया है कि कार्यक्रम के दौरान मद्यनिषेध (नशामुक्ति) अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। सभी पंचायत भवनों में नशामुक्ति संबंधी पोस्टर लगाए जाएंगे तथा ग्रामीणों को शराब एवं अन्य नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संबंधित पंचायत के मुखिया करेंगे, जबकि संचालन के लिए पंचायतवार नामित सचिवों एवं संबंधित अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। अतिरिक्त प्रभार वाले पंचायत सचिव अपने मूल पदस्थापन वाली पंचायत में कार्यक्रम संपन्न कराएंगे। जिन पंचायतों में पंचायत सचिव उपलब्ध नहीं हैं, वहां राजस्व कर्मचारी अथवा अन्य नामित कर्मी कार्यक्रम का संचालन करेंगे।
निर्देश में यह भी कहा गया है कि कार्यक्रम के दौरान प्रभात फेरी निकाली जाएगी तथा प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के सीधा प्रसारण को सुनने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। पंचायत कार्यपालक सहायकों को कार्यक्रम के सफल संचालन में आवश्यक सहयोग देने का निर्देश दिया गया है।
प्रखंड प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पंचायत स्तर के सभी कर्मचारी अपने-अपने पंचायत क्षेत्र में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में किसी भी प्रकार की अनुपस्थिति या लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
सिंघिया प्रखंड की जहांगीरपुर में अदुल राय पंचायत सचिव सालेपुर में राजेश कुमार पंचायत सचिव, माहे में शशि भूषण कर्ण पंचायत सचिव , कुंडल-1 में राज कुमार राय पंचायत सचिव, वारी में उपेंद्र यादव पंचायत सचिव, विष्णुपुर क्योटहर में रंजीत कुमार पंचायत रोजगार सेवक , कुंडल-2 में नीरज कुमार पंचायत रोजगार सेवक, हरदिया में अरविंद कुमार पंचायत रोजगार सेवक , विष्णुपुर डीहा में रवि कुमार राजस्व कर्मचारी , महरा में हिमांशु कुमार राजस्व कर्मचारी , बंगरहट्टा में शत्रुघन कुमार राजस्व कर्मचारी, निरपुर भररिया में रंजीत कुमार पासवान राजस्व कर्मचारी, लिलहौल में बीरेंद्र कुमार गौंड राजस्व कर्मचारी एवं फुलहारा में सुधीर कुमार राजस्व कर्मचारी को प्रतिनियुक्ति की गई है।



Total Users : 10134579
Views Today : 3260