शादीशुदा युवक के साथ लिव-इन में रह रही युवती की संदिग्ध मौत, नहर में मिला शव
अलवर। कोटपूतली-बहरोड़ जिले के नीमराणा थाना क्षेत्र से करीब दो महीने से लापता युवती सुशीला की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि उसके लिव-इन पार्टनर संदीप राजपूत ने शव को हरियाणा के झज्जर जिले में नहर में फेंक दिया था।
पुलिस के अनुसार सुशीला 30 जून से लापता थी। परिजनों ने 21 अगस्त को उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पूछताछ में संदीप ने बताया कि 30 जून को सुशीला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी, जिसके बाद उसने शव को कार से ले जाकर सिलानी गांव के पास नहर में फेंक दिया।
झज्जर पुलिस को 2 जुलाई को इसी नहर से एक अज्ञात युवती का शव मिला था। पहचान नहीं होने पर उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। बाद में पुलिस ने शव की फोटो परिजनों को दिखाई, जिसके आधार पर उन्होंने उसकी पहचान सुशीला के रूप में की।
जांच में यह भी सामने आया कि 30 जून को सुशीला के मोबाइल से परिजनों को मैसेज भेजा गया था, जिसमें उसने अपनी पसंद से शादी करने और गर्भवती होने की बात कही थी। इसके बाद उसका परिवार से संपर्क नहीं हो पाया।
पुलिस के मुताबिक सुशीला और संदीप करीब दो साल से संपर्क में थे और पिछले चार महीने से नीमराणा में पति-पत्नी के रूप में किराए के मकान में रह रहे थे। संदीप पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं। फिलहाल झज्जर सदर थाना पुलिस संदीप को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई और शव को नहर में फेंकने के पीछे वास्तविक वजह क्या थी।

Total Users : 10195748
Views Today : 3106