होर्मुज जलडमरूमध्य में दो तेल टैंकरों पर हमला, 2 भारतीय नाविक लापता; विदेश मंत्रालय ने जताई चिंता
**होर्मुज: ** होर्मुज जलडमरूमध्य में दो तेल टैंकरों पर ड्रोन और प्रोजेक्टाइल से हमला होने के बाद दो भारतीय नाविक लापता हो गए हैं। इस घटना पर भारत सरकार ने गहरी चिंता जताई है। विदेश मंत्रालय (MEA) ने व्यावसायिक जहाजों पर हमलों की कड़ी निंदा करते हुए सभी पक्षों से तनाव कम करने और बातचीत के जरिए विवाद सुलझाने की अपील की है।
दो तेल टैंकरों को बनाया गया निशाना
विदेश मंत्रालय के अनुसार, 11 अक्टूबर को निकारागुआ के झंडे वाले तेल टैंकर MT PETRO DOLPHIN पर ड्रोन से हमला किया गया। इस जहाज पर 11 भारतीय नाविक सवार थे, जिनमें से दो के लापता होने की खबर है। उनकी तलाश और बचाव के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
वहीं, मार्शल आइलैंड्स के झंडे वाले दूसरे तेल टैंकर MT VALTHERA पर अज्ञात प्रोजेक्टाइल से हमला हुआ, जिससे जहाज में आग लग गई। हालांकि, राहत की बात यह है कि इस जहाज पर सवार सभी 11 भारतीय नाविक सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
भारतीय दूतावास लगातार संपर्क में
ओमान की राजधानी मस्कट स्थित भारतीय दूतावास ने बताया कि वह मामले पर लगातार नजर रख रहा है। दूतावास ओमान के संबंधित अधिकारियों और जहाज प्रबंधन कंपनियों के संपर्क में है, ताकि लापता भारतीय नाविकों की सुरक्षित तलाश की जा सके।
विदेश मंत्रालय ने की हमले रोकने की अपील
विदेश मंत्रालय ने कहा कि विदेशों में काम करने वाले भारतीय नाविकों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मंत्रालय ने चेतावनी दी कि अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में व्यावसायिक जहाजों पर हमले क्षेत्रीय तनाव को और बढ़ा सकते हैं।
भारत ने सभी पक्षों से जहाजों और नाविकों पर हमले तुरंत रोकने तथा अंतरराष्ट्रीय कानूनों के तहत समुद्री व्यापार और आवाजाही की स्वतंत्रता सुनिश्चित करने की अपील की है। मंत्रालय ने कहा कि मौजूदा विवादों का समाधान बातचीत और कूटनीति के माध्यम से ही निकाला जाना चाहिए।

Total Users : 10266365
Views Today : 1238