Explore

Search

December 10, 2025 10:33 am

सिक्स लेन पर ड्यूटी के दौरान पुलिसिया गुंडागर्दी का वीडियो वायरल, दो पुलिसकर्मी निलंबित

सिक्स लेन पर ड्यूटी के दौरान पुलिसिया गुंडागर्दी का वीडियो वायरल, दो पुलिसकर्मी निलंबित

पटना।
दिनांक 15 नवंबर 2025 को सोशल मीडिया पर “अभिषेक राजपूत (अभी राइडर) यूपी 94” नामक आईडी से एक वीडियो वायरल हुआ, जिसके सामने आते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। वायरल वीडियो की जांच में यह पुष्टि हुई कि यह घटना नदी थाना क्षेत्र स्थित सिक्स लेन पर ड्यूटी के दौरान हुई थी और इसमें दिखाई दे रहे पुलिसकर्मी — अवर निरीक्षक देवकांत बंटी एवं पी.टी.सी./3738 विश्वनाथ कुमार — वर्तमान में नदी थाना, पटना में पदस्थापित हैं।

वायरल वीडियो में दोनों पुलिसकर्मी एक युवक के साथ अमर्यादित व्यवहार करते, अभद्र भाषा का प्रयोग करते  स्पष्ट रूप से देखे जा रहे हैं। ड्यूटी के दौरान इस तरह का कृत्य न केवल कर्तव्यहीनता दर्शाता है, बल्कि घोर अनुशासनहीनता एवं वरीय अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना का मामला भी बनता है।

तत्काल प्रभाव से निलंबन
वीडियो की सत्यापन रिपोर्ट सामने आने के बाद विभाग ने दोनों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया कि ऐसी असंवैधानिक हरकत किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

स्टंट बाइकिंग का भी खुलासा
जांच में यह भी सामने आया कि वीडियो में दिखाई दे रहा युवक 14 नवंबर 2025 को अपने दोस्तों के साथ स्टंट बाइकिंग कर रहा था। उसके वाहन पर ₹7,000/- का चालान किया गया था। युवक ने स्वीकार किया कि स्टंट के दौरान वह स्वयं तथा अन्य लोगों के लिए खतरा पैदा कर रहा था और भविष्य में ऐसी गलती न दोहराने का वादा किया है।

प्रशासन ने की अपील
प्रशासन ने कहा है कि सड़क पर स्टंट बाइकिंग न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि हादसों का बड़ा कारण भी बनती है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि पुलिस कर्मियों द्वारा किसी भी प्रकार का अमर्यादित व्यवहार विभागीय कार्रवाई का आधार बनेगा।

इस घटना ने एक बार फिर पुलिस आचरण और सड़क सुरक्षा—दोनों मुद्दों को चर्चा के केंद्र में ला दिया है।

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!