बिहार में डूबने से 11 लोगों की मौत, जितिया पर्व के दौरान कई परिवारों में पसरा मातम
बिहार में शुक्रवार को अलग-अलग जिलों में डूबने की घटनाओं में कुल 11 लोगों की मौत हो गई। इनमें पूर्वी चंपारण में 7, नालंदा में 3 और दरभंगा में एक किशोरी की जान चली गई। हादसों के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
पूर्वी चंपारण में तीन युवकों की मौत
बजरिया प्रखंड के अजगरी पंचायत क्षेत्र में बाढ़ के पानी में स्नान करने गए तीन युवकों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान 18 वर्षीय शकील अंसारी, 19 वर्षीय समीर आलम और यश कुमार के रूप में हुई है। बताया गया कि तीनों जन्मदिन की पार्टी के बाद नहाने गए थे।
नालंदा में तीन की गई जान
नालंदा के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में जितिया पर्व के दौरान स्नान और पानी में नहाने के दौरान तीन बच्चों की डूबने से मौत हुई। मानपुर थाना क्षेत्र में 11 वर्षीय रवि कुमार, बिंद थाना क्षेत्र में 11 वर्षीय अन्नू कुमारी और सिलाव थाना क्षेत्र में अविनाश कुमार की मौत हुई।
मोतिहारी में चार बच्चियों की मौत
पहाड़पुर थाना क्षेत्र के बनकट गांव में पानी में डूबने से चार बच्चियों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान सोनामति, फूलमती, सोनाली कुमारी और प्रतिमा कुमारी के रूप में हुई है।
दरभंगा में किशोरी की मौत
बिरौल थाना क्षेत्र के सहसराम पंचायत के महवा गांव में जितिया पर्व को लेकर तालाब में स्नान करने गई 12 वर्षीय शिवानी कुमारी की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।
पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से कई घटनाओं में शवों को पानी से बाहर निकाला गया। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में शोक का माहौल है।

Total Users : 10246592
Views Today : 770