बागमती नदी में डूबने से 13 वर्षीय छात्रा की मौत, तीन सहेलियां बाल-बाल बचीं
शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत बंधार पंचायत के नंदे नगर गांव में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में 13 वर्षीय किशोरी की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार नंदे नगर वार्ड 13 निवासी कृष्णा राम की पुत्री रानी कुमारी अपने चार दोस्तों के साथ मवेशियों के लिए चारा लाने गई थी। इसी दौरान तेज धूप और गर्मी के कारण सभी बच्चे प्यास बुझाने के लिए बागमती नदी के बलहा घाट पर पहुंचे। बताया जाता है कि पानी पीने के दौरान रानी कुमारी का पैर अचानक फिसल गया, जिससे वह गहरे पानी में चली गई और देखते ही देखते डूब गई।
रानी को डूबता देख साथ गई उसकी सहेलियां उसे बचाने के प्रयास में एक-दूसरे का हाथ पकड़कर पानी में उतरीं, लेकिन वे भी गहराई में फंस गईं। शोरगुल सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों की तत्परता से गुड़िया कुमारी, रीना कुमारी एवं राधा कुमारी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। तीनों को तत्काल इलाज के लिए भेजा गया, जहां उनकी स्थिति अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। हालांकि काफी प्रयास के बावजूद रानी कुमारी को नहीं बचाया जा सका। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतका के पिता कृष्णा राम मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। रानी पांच बहनों और एक भाई में चौथे स्थान पर थी तथा सातवीं कक्षा की छात्रा थी। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। हर ओर सिर्फ चीख-पुकार और मातम का माहौल है। मां-बाप सहित परिजन और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के द्वारा पोस्टमार्टम नहीं कराया गया है ना ही इसकी सूचना पुलिस को दी गई है। खबर लिखे जाने तक पोस्टमार्टम नहीं कराया गया है।






Total Users : 10080044
Views Today : 1752