कैमूर में पराली प्रबंधन जागरूकता अभियान की शुरुआत, डीएम ने दिखाई हरी झंडी
कैमूर, 21 अप्रैल 2026: समाहरणालय कैमूर द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार जिले में पराली प्रबंधन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से व्यापक जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। जिला पदाधिकारी एवं उप विकास आयुक्त के संयुक्त नेतृत्व में यह अभियान जिले के सभी प्रखंडों में शुरू किया गया।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने जागरूकता रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ आगामी कुछ सप्ताह तक विभिन्न गांवों में घूम-घूमकर किसानों को पराली प्रबंधन के वैज्ञानिक तरीकों, इसके लाभ तथा पर्यावरण संरक्षण में इसकी भूमिका के बारे में जानकारी देंगे।
जिला पदाधिकारी ने अपने संदेश में कहा कि पराली जलाने से वायु प्रदूषण बढ़ता है और मिट्टी की उर्वरता पर भी प्रतिकूल असर पड़ता है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे पराली जलाने के बजाय उसका समुचित प्रबंधन करें और उसे जैविक खाद के रूप में उपयोग में लाएं। साथ ही आधुनिक कृषि यंत्रों और तकनीकों को अपनाकर लागत कम करने और उत्पादन बढ़ाने पर जोर दिया।
अभियान के दौरान किसानों को पराली से कंपोस्ट खाद बनाने, मल्चिंग, पशु चारा, बायोगैस निर्माण सहित अन्य वैकल्पिक उपयोगों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही पर्यावरण के अनुकूल खेती को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
कार्यक्रम में जिला कृषि पदाधिकारी विकास कुमार, जिला उद्यान पदाधिकारी डॉ. अभय कुमार गौड़, उप निदेशक (कृषि अभियंत्रण) अकरम अंसारी, सहायक निदेशक (बीज विश्लेषण) आलेख शर्मा, सहायक निदेशक वर्तिका सिंह, सहायक निदेशक पंकज कुमार, उप परियोजना निदेशक (आत्मा) नवीन कुमार सिंह, प्रखंड कृषि पदाधिकारी आदर्श शुक्ला सहित कृषि विभाग के कई पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।






Total Users : 10089577
Views Today : 268