बिहार में दर्दनाक हादसा: आर्केस्ट्रा कार्यक्रम में घुसी तेज रफ्तार बस, 5 की मौत, कई घायल
बेतिया: बिहार के बेतिया जिले के लौरिया थाना क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बेतिया-लौरिया मुख्य मार्ग पर पराउ टोला बनकटवा के पास तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे चल रहे आर्केस्ट्रा कार्यक्रम में जा घुसी। हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आधे दर्जन से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, बनकटवा निवासी शत्रुघ्न दुबे के घर बच्चे के छठियार कार्यक्रम का आयोजन चल रहा था। इसी मौके पर सड़क किनारे आर्केस्ट्रा कार्यक्रम रखा गया था, जिसमें बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
इसी दौरान गोरखपुर की ओर से आ रही यात्री बस और सामने से आ रहे ट्रक के बीच टक्कर से बचने की कोशिश में बस अनियंत्रित हो गई और सीधे आर्केस्ट्रा कार्यक्रम में जा घुसी। अचानक हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में बनकटवा निवासी बहादुर महतो, संजय कुमार, भोला दुबे, देवेंद्र दुबे और छांगुर राम की मौत हो गई। बताया गया कि मृतकों में देवेंद्र दुबे भी शामिल हैं, जिनके बच्चे का छठियार कार्यक्रम उसी दौरान चल रहा था।
घटना में विनय कुमार यादव, श्याम बाबू, मोती चंद्र महतो और नरेश राम समेत कई लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से बेतिया जीएमसीएच पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
सूचना मिलने पर लौरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने बस और ट्रक में तोड़फोड़ भी की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए नरकटियागंज एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर शांत कराया।
पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेतिया जीएमसीएच भेज दिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

Total Users : 10191779
Views Today : 728