Explore

Search

September 16, 2026 10:17 pm

पंचायतों में विकास योजनाओं को गति देने पर जोर, ग्राम सभा व ‘आशीर्वाद का दीप’ कार्यक्रम पर हुई चर्चा

पंचायतों में विकास योजनाओं को गति देने पर जोर, ग्राम सभा व ‘आशीर्वाद का दीप’ कार्यक्रम पर हुई चर्चा

 

शिवाजीनगर प्रखंड सह अंचल कार्यालय के बीडीओ कार्यालय में बुधवार को प्रखंड के सभी मुखिया, पंचायत सचिव एवं आवास सहायकों के साथ समन्वय बैठक आयोजित की गई। अध्यक्षता बीडीओ वीरेंद्र कुमार सिंह ने की। बैठक में पंचायतों में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए योजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने और ग्रामीणों को योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ दिलाने पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने पंचायत स्तर पर विकास कार्यों में आपसी समन्वय बनाए रखने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। बैठक के दौरान बीडीओ ने कहा कि पंचायतों में विकास योजनाओं का क्रियान्वयन ग्रामीणों की जरूरतों और प्राथमिकताओं के अनुसार किया जाना चाहिए। पंचायत प्रतिनिधियों, पंचायत सचिवों एवं संबंधित कर्मियों के बीच बेहतर समन्वय रहने से योजनाओं के चयन और क्रियान्वयन में तेजी आएगी। उन्होंने विकास कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने तथा योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाने की बात कही।

समन्वय बैठक में गुरुवार को होने वाली ग्राम सभा को लेकर भी विस्तृत जानकारी दी गई। ग्राम सभा में पंचायत के विकास से संबंधित योजनाओं पर चर्चा करने, ग्रामीणों की प्राथमिकताओं को सामने लाने तथा आवश्यक योजनाओं के चयन की प्रक्रिया के बारे में प्रतिनिधियों एवं कर्मियों को अवगत कराया गया। ग्राम सभा को पंचायत स्तर पर विकास की प्राथमिकताएं तय करने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया गया।

बैठक में कायाकल्प योजना को लेकर भी विशेष रूप से चर्चा हुई। इसके तहत सरकारी विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों सहित अन्य सार्वजनिक परिसरों में रंग रोगन, मरम्मत एवं जीर्णोद्धार से जुड़े कार्यों पर चर्चा की गई। संबंधित पंचायत प्रतिनिधियों और कर्मियों को आवश्यकतानुसार कार्यों को चिह्नित कर प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने को कहा गया। बैठक में इस बात पर भी जोर दिया गया कि विद्यालय एवं आंगनबाड़ी केंद्रों का वातावरण बच्चों के अनुकूल और सुविधाजनक बनाया जाए।

इसके अलावा गुरुवार 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दिया जलाने के कार्यक्रम की तैयारियों पर भी चर्चा की गई। बताया गया कि प्रखंड-अंचल कार्यालय, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र समेत अन्य सरकारी कार्यालयों एवं सरकारी भवनों पर दिया जलाया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर संबंधित पदाधिकारियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों को आवश्यक समन्वय बनाए रखने की जानकारी दी गई। बैठक में सीओ अम्बपाली यादव, मुखिया संघ के अध्यक्ष रामचंद्र सिंह, मुखिया चंदन कुमारी, संजीव पासवान, विनोद पासवान, नटवर राय, विभा कुमारी, अनीता देवी, प्रेम कुमार सहनी, दुखा मुखिया, मुखिया प्रतिनिधि संतोष कुमार सिंह, मुखिया प्रतिनिधि नीतीश कुमार उर्फ युवराज, पंचायत सचिव रवि रंजन कुमार, संजय कुमार, मिथिलेश कुमार, जितेंद्र कुमार, महेंद्र पासवान सहित अन्य मुखिया, पंचायत सचिव एवं आवास सहायक मौजूद थे।

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!