सिंघिया में शराब की बड़ी खेप बरामद, 313 लीटर विदेशी शराब जब्त
बिहार के समस्तीपुर जिले के सिंघिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर 313.200 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई कुंडल एक पंचायत के वार्ड संख्या 11 में की गई।
बताया गया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि सुशांत सिंह, पिता कुंदन सिंह, के घर के समीप स्थित बगीचे में शराब की खेप उतारकर उसे दूसरी जगह छिपाने की तैयारी की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की। इस दौरान बगीचे से कुल 35 कार्टून विदेशी शराब बरामद की गई, जिसकी कुल मात्रा 313.200 लीटर बताई गई है।
पुलिस की कार्रवाई के दौरान सुशांत सिंह समेत अन्य अज्ञात लोग अंधेरे और बगीचे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में सफल रहे। पुलिस ने शराब को जब्त कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस संबंध में सिंघिया थाना अध्यक्ष श्याम कुमार मेहता ने शराब बरामदगी की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Total Users : 10229791
Views Today : 3855