विष्णुपुर डीहा पंचायत में 6 अक्टूबर को लगेगा सहयोग शिविर, आम नागरिकों की समस्याओं का होगा त्वरित समाधान
सिंघिया। पंचायत स्तरीय द्वितीय चरण के सहयोग शिविर के तहत सिंघिया प्रखंड की विष्णुपुर डीहा पंचायत में आगामी 6 अक्टूबर 2026 को पंचायत सरकार भवन, विष्णुपुर डीहा में पंचायत स्तरीय सहयोग शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर का आयोजन सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगा।
शिविर में आम नागरिकों को अपनी समस्याएं, शिकायतें एवं सुझाव सीधे प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर मिलेगा। विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मी शिविर में मौजूद रहेंगे तथा सरकारी योजनाओं से संबंधित शिकायतों का निष्पादन, आवेदन प्राप्त करने और आवश्यक मार्गदर्शन देने की कार्रवाई करेंगे।
बीडीओ विवेक रंजन ने बताया कि सामान्य प्रशासन विभाग, बिहार सरकार के पत्र एवं जिला पदाधिकारी, समस्तीपुर के आदेश के आलोक में चक्रानुसार माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को सहयोग शिविर आयोजित किया जाता रहेगा। द्वितीय चरण का रोस्टर जारी होने के बाद विष्णुपुर डीहा पंचायत में शिविर की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
उन्होंने पंचायत के लोगों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर अपनी व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक समस्याएं, शिकायतें और सुझाव प्रशासन के समक्ष रखें, ताकि उनका समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से समाधान किया जा सके।
6 से 8 अक्टूबर तक लगेगा ‘सेवा सेतु शिविर’
इसके साथ ही सेवा संकल्प अभियान के तहत 6, 7 एवं 8 अक्टूबर 2026 को प्रखंड मुख्यालय स्थित किसान भवन में ‘सेवा सेतु शिविर-सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
इस शिविर का उद्देश्य भारत सरकार एवं बिहार सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना है। संभावित लाभार्थियों और लंबित लाभ अथवा शिकायतों से संबंधित आवेदन लिए जाएंगे। प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों का प्रखंडवार डाटाबैंक तैयार किया जाएगा और आवेदकों को पावती भी उपलब्ध कराई जाएगी।
शिविर में विभिन्न योजनाओं से संबंधित सहायता स्टॉल लगाए जाएंगे। प्रखंड स्तरीय अधिकारी आम लोगों को अपने-अपने विभाग की प्रमुख योजनाओं की जानकारी देंगे तथा पात्र लाभार्थियों को लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करेंगे।
प्रशासन के अनुसार शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों एवं शिकायतों का 26 अक्टूबर 2026 तक निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा। इसके लिए ‘सेवा संकल्प अभियान पोर्टल’ भी तैयार किया गया है, जिस पर संबंधित विभागों द्वारा योजनाओं, लाभार्थियों एवं अन्य आवश्यक सूचनाओं को अपडेट किया जाएगा।

Total Users : 10246771
Views Today : 1379