बिहार में मौसम का बदला मिजाज, 10 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; आंधी-वज्रपात की भी चेतावनी
पटना: बिहार में मानसून की विदाई के बीच एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया है। मौसम विभाग के अनुसार, 3 अक्टूबर को राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज से भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान तेज हवाओं और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है।
कटिहार, समस्तीपुर, पूर्वी चंपारण, किशनगंज, वैशाली, जहानाबाद, गया, मुंगेर, पूर्णिया और भागलपुर में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। कुछ इलाकों में बारिश के कारण जलजमाव की स्थिति भी बन सकती है।
बारिश के साथ करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। मौसम खराब होने के दौरान लोगों को सावधानी बरतने और पेड़, बिजली के खंभे तथा खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
वहीं, बिहार के छह जिले अभी भी बाढ़ से प्रभावित बताए जा रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार, करीब 253 गांवों में बाढ़ का पानी पहुंचा है और 3.65 लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री पहुंचाने का काम जारी है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 6 अक्टूबर से बिहार में एक नया मौसम सिस्टम सक्रिय हो सकता है, जिसके प्रभाव से कई जिलों में फिर बारिश और आंधी-वज्रपात का दौर देखने को मिल सकता है।

Total Users : 10248875
Views Today : 1109