Explore

Search

October 4, 2026 4:05 am

लोक-सुनवाई, किसानों और जनप्रतिनिधियों से मांगे गए सुझाव

सिंघिया में पश्चिमी कोसी नहर परियोजना को लेकर लोक-सुनवाई, किसानों और जनप्रतिनिधियों से मांगे गए सुझाव

पर्यावरणीय स्वीकृति से पहले हरदिया, बंगरहट्टा और वारी पंचायत के लोगों ने रखी अपनी राय

 

 

बिहार के समस्तीपुर जिले के सिंघिया प्रखंड स्थित पंचायत समिति भवन के प्रांगण में शनिवार को पश्चिमी कोसी नहर के विस्तार, नवीकरण एवं आधुनिकीकरण से संबंधित परियोजना को लेकर लोक-सुनवाई आयोजित की गई। लोक-सुनवाई का उद्देश्य परियोजना से जुड़े पर्यावरणीय प्रभावों और स्थानीय लोगों की राय एवं सुझावों को सामने लाना था।

बताया गया कि प्रस्तावित परियोजना मधुबनी, दरभंगा और समस्तीपुर जिलों में पश्चिमी कोसी नहर के विस्तार, नवीकरण एवं आधुनिकीकरण से संबंधित है। सिंघिया प्रखंड में इसका संबंध हरदिया, बंगरहट्टा और वारी पंचायत क्षेत्र के किसानों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने से बताया गया है।

किसानों और जनप्रतिनिधियों से मांगे गए सुझाव

लोक-सुनवाई के दौरान परियोजना के संभावित प्रभाव, सिंचाई व्यवस्था, कृषि और स्थानीय क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर उपस्थित किसानों, आम लोगों और जनप्रतिनिधियों की राय सुनी गई। लोगों ने परियोजना को लेकर अपने-अपने सुझाव और विचार अधिकारियों के समक्ष रखे।

BDO ने की अध्यक्षता, ADM भी रहे मौजूद

 

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी विवेक रंजन ने की। वहीं मौके पर जिला एडीएम (राजस्व) ब्रजेश कुमार भी पहुंचे। अधिकारियों ने उपस्थित किसानों, आम लोगों और प्रभावित पंचायतों के जनप्रतिनिधियों को परियोजना से संबंधित जानकारी दी तथा उन्हें जागरूक किया।

लोक-सुनवाई में जल संसाधन विभाग के कई अधिकारी और तकनीकी विशेषज्ञ भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने लोगों से परियोजना को लेकर सुझाव और आपत्तियां मांगीं।

सुझावों के बाद भारत सरकार को भेजा जाएगा प्रस्ताव

लोक-सुनवाई के दौरान बताया गया कि लोगों से प्राप्त सुझावों और प्रक्रिया पूरी होने के बाद परियोजना से संबंधित प्रस्ताव भारत सरकार को भेजा जाएगा। वहां से आवश्यक अनुमोदन प्राप्त होने के बाद परियोजना पर आगे कार्य शुरू किए जाने की बात कही गई।

पश्चिमी कोसी नहर परियोजना के विस्तार और आधुनिकीकरण से क्षेत्र में सिंचाई व्यवस्था को बेहतर बनाने की उम्मीद जताई जा रही है। हालांकि, परियोजना की अगली प्रक्रिया संबंधित विभागों से मिलने वाली स्वीकृति और अनुमोदन पर निर्भर करेगी।

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!