Explore

Search

October 4, 2026 5:05 am

शिवाजीनगर बीडीओ का सरकारी मोबाइल नंबर हैक, व्हाट्सएप ग्रुप में फर्जी मैसेज भेजकर ओटीपी लेने की कोशिश

शिवाजीनगर बीडीओ का सरकारी मोबाइल नंबर हैक, व्हाट्सएप ग्रुप में फर्जी मैसेज भेजकर ओटीपी लेने की कोशिश

 

शिवाजीनगर प्रखंड के बीडीओ वीरेंद्र कुमार सिंह का सरकारी मोबाइल नंबर साइबर ठगों ने शुक्रवार रात हैक कर लिया। हैकरों ने बीडीओ के नंबर से जुड़े सरकारी और निजी व्हाट्सएप ग्रुपों में फर्जी संदेश भेजकर लोगों से ओटीपी हासिल करने की कोशिश की। इस दौरान एक संदिग्ध फाइल भी ग्रुप में भेजी गई, जिसे कुछ लोगों ने डाउनलोड कर लिया। इसके बाद उनसे भी ओटीपी मांगा जाने लगा। घटना की जानकारी मिलते ही बीडीओ ने तत्काल मोबाइल नंबर बंद कराया और व्हाट्सएप अकाउंट को रिसेट कर सुरक्षित किया। बीडीओ वीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार रात करीब आठ बजे अचानक उनका मोबाइल काम करना बंद हो गया। कुछ देर बाद पता चला कि उनके नंबर से जुड़े व्हाट्सएप पर दूसरे लोगों को संदेश भेजे जा रहे हैं और ओटीपी मांगा जा रहा है। बीडीओ ने कहा कि उनके सरकारी ग्रुप में उनकी जानकारी के बिना एक फाइल भेजी गई थी। उन्हें इसकी जानकारी नहीं थी और उस समय उनका व्हाट्सएप भी काम नहीं कर रहा था। बाद में कुछ लोगों ने उन्हें इसकी जानकारी दी, जिसके बाद उन्होंने तत्काल कार्रवाई करते हुए नंबर को बंद कराया और व्हाट्सएप को रिसेट कराया।

उन्होंने बताया कि साइबर ठगों ने उनके नंबर का इस्तेमाल कर लोगों को भ्रमित करने का प्रयास किया। ग्रुप में भेजी गई संदिग्ध फाइल डाउनलोड करने वाले कुछ लोगों से भी ओटीपी मांगा गया। समय रहते लोगों के सतर्क होने और सूचना मिलने से किसी बड़ी साइबर ठगी की घटना को टाल दिया गया। घटना के बाद बीडीओ ने विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुपों के माध्यम से लोगों को सावधान किया। उन्होंने अपील की कि उनके नंबर से आने वाले किसी भी संदिग्ध संदेश, लिंक या फाइल को न खोलें और न ही उसे डाउनलोड करें। किसी भी परिस्थिति में ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी, पासवर्ड या अन्य निजी एवं संवेदनशील जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करें।

बीडीओ ने बताया कि मामले की सूचना शिवाजीनगर थाना पुलिस को दे दी गई है। विभागीय स्तर पर भी संबंधित अधिकारियों को घटना की जानकारी दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रशासन ने लोगों से साइबर ठगी के प्रति सतर्क रहने और अनजान लिंक या संदिग्ध फाइल पर क्लिक नहीं करने की अपील की है।

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!