जमुई में 23 साल पुराने दोहरे हत्याकांड में जमुई घटना के आरोपी नंदन यादव के पिता गिरफ्तार
जमुई: नाबालिग छात्रा से बदसलूकी के मामले में मुख्य आरोपी नंदन यादव की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसके परिवार से जुड़े पुराने आपराधिक मामलों की भी जांच तेज कर दी है। इसी क्रम में पुलिस ने नंदन यादव के पिता गनौरी यादव को वर्ष 2003 के दोहरे हत्याकांड के मामले में गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, अप्रैल 2003 में जमुई के प्रतापपुर गांव में दो भाइयों की हत्या हुई थी। इस मामले में दर्ज प्राथमिकी में गनौरी यादव समेत 11 लोगों को आरोपी बनाया गया था। पुलिस का कहना है कि मामले में चार्जशीट दाखिल होने के बावजूद गनौरी यादव लंबे समय से फरार चल रहा था।
जमुई एसपी विश्वजीत दयाल के मुताबिक, नंदन यादव से जुड़े मामले की जांच के दौरान उसके पिता गनौरी यादव के पुराने मामले की जानकारी सामने आई। इसके बाद लंबित कार्रवाई के तहत उसकी गिरफ्तारी की गई। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि उसके खिलाफ उस समय गिरफ्तारी वारंट जारी हुआ था या नहीं।
गनौरी यादव को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।

Total Users : 10233296
Views Today : 3357