आवास प्लस-2024 की प्राथमिकता सूची को लेकर छह पंचायतों में हुई ग्राम सभा
शिवाजीनगर / प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत आवास प्लस-2024 में सर्वेक्षित परिवारों की प्राथमिकता सूची तैयार करने और उसके अनुमोदन को लेकर बुधवार को प्रखंड की छह पंचायतों में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। बंधार, रहटौली, बल्लीपुर, भटौरा, जाखर धरमपुर और घिवाही पंचायत में आयोजित ग्राम सभाओं में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। इनमें महिलाओं की भागीदारी पुरुषों की अपेक्षा अधिक रही। पंचायत सरकार भवन, पंचायत भवन एवं मनरेगा भवन में आयोजित ग्राम सभाओं में आवास प्लस-2024 के तहत सर्वेक्षित परिवारों की सूची ग्रामीणों के समक्ष प्रस्तुत की गई। इसके बाद योग्य एवं अयोग्य लाभुकों को लेकर चर्चा करते हुए प्राथमिकता सूची तैयार करने की प्रक्रिया पूरी की गई। बंधार पंचायत में मुखिया चंदन कुमारी, रहटौली में मुखिया प्रेम कुमार सहनी, बल्लीपुर में मुखिया अनीता देवी, भटौरा में मुखिया सरिता कुमारी, जाखर धरमपुर पंचायत में मुखिया तथा घिवाही पंचायत में मुखिया दुखा मुखिया ने ग्राम सभा की अध्यक्षता की। ग्राम सभा के दौरान ग्रामीणों को आवास योजना से संबंधित प्रावधानों और पात्रता की जानकारी दी गई। सर्वे सूची में शामिल परिवारों के नामों पर ग्रामीण स्तर पर चर्चा की गई और पात्र परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर सूचीबद्ध करने की प्रक्रिया अपनाई गई। ग्राम सभा के सफल संचालन के लिए प्रशासन की ओर से नोडल पदाधिकारियों एवं कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई थी। इसमें पीओ बबलू कुमार, बीएओ सतीश कुमार, तकनीकी सहायक जेई दीप सागर, कृषि समन्वयक मुकेश कुमार राय, संजीत राम एवं बालमुकुंद मिश्रा सहित अन्य कर्मियों ने अपनी भूमिका निभाई। आवास सहायकों और पंचायत कर्मियों ने भी ग्रामीणों को सूची एवं योजना से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई।
ग्राम सभा में महिलाओं की विशेष सक्रियता देखने को मिली। बड़ी संख्या में महिलाएं अपने परिवार के आवास से संबंधित जानकारी और सूची में नाम की स्थिति जानने के लिए पहुंचीं। ग्रामीणों ने सूची में शामिल परिवारों के नाम, पात्रता और प्राथमिकता को लेकर जानकारी ली। कई ग्रामीणों ने कहा कि पक्का मकान उनके परिवार की वर्षों पुरानी आवश्यकता है। ऐसे में आवास योजना की सूची में नाम शामिल होने और पात्रता के आधार पर आवास का लाभ मिलने की उम्मीद से लोगों में उत्साह दिखा।
प्रभारी बीडीओ सह सीओ अंम्बपाली यादव ने बताया कि आवास प्लस-2024 के तहत सर्वेक्षित परिवारों की प्राथमिकता सूची के अनुमोदन के लिए ग्राम सभा महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। ग्राम सभा में सामाजिक अंकेक्षण के माध्यम से सूची में शामिल परिवारों की पात्रता पर ग्रामीण स्तर पर चर्चा की जा रही है। योग्य लाभुकों को प्राथमिकता सूची में शामिल किया जाएगा, जबकि निर्धारित मानकों के अनुरूप पात्र नहीं पाए जाने वाले नामों को नियमानुसार सूची से हटाया जाएगा। प्रभारी
बीडीओ सह सीओने कहा कि आवास योजना के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और पात्र परिवारों तक योजना का लाभ पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। ग्राम सभा के माध्यम से ग्रामीणों को भी सूची की जांच और आपत्ति रखने का अवसर मिल रहा है। इससे वास्तविक रूप से जरूरतमंद परिवारों को योजना का लाभ दिलाने में मदद मिलेगी। नग्राम सभा में आवास प्लस-2024 के माध्यम से सर्वेक्षित परिवारों की सूची प्रस्तुत किए जाने के बाद ग्रामीणों के बीच सूची को लेकर चर्चा होती रही। योग्य और अयोग्य लाभुकों की पहचान के साथ प्राथमिकता सूची को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया पर विशेष जोर दिया गया। आवास योजना को लेकर सभी छह पंचायतों में दिनभर गहमागहमी बनी रही।
मौके पर आवास सहायक राकेश रंजन, अमरेंद्र कुमार यादव, राजीव कुमार, संतोष कुमार, आनंद कुमार, अनीता, पंचायत सचिव रवि रंजन कुमार, महेंद्र पासवान, जितेंद्र कुमार, संजय कुमार, मिथिलेश कुमार, सौरभ सामंत सहित अन्य कर्मी एवं ग्रामीण मौजूद थे। ग्राम सभा में महिलाओं की उल्लेखनीय भागीदारी ने यह स्पष्ट किया कि ग्रामीण परिवारों के लिए पक्का आवास आज भी प्रमुख जरूरतों में शामिल है। आवास प्लस-2024 की प्राथमिकता सूची को लेकर हुई यह प्रक्रिया पात्र परिवारों को योजना के लाभ से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Total Users : 10231616
Views Today : 4082