Explore

Search

September 23, 2026 7:01 pm

जमाबंदी अद्यतीकरण व नामांतरण अभियान की एडीएम ने की समीक्षा, राजस्व कर्मियों को समय पर कार्य पूरा करने का निर्देश

जमाबंदी अद्यतीकरण व नामांतरण अभियान की एडीएम ने की समीक्षा, राजस्व कर्मियों को समय पर कार्य पूरा करने का निर्देश

 

बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की ओर से चलाए जा रहे जमाबंदी अद्यतीकरण एवं नामांतरण उत्तराधिकार विशेष अभियान को लेकर बुधवार को शिवाजीनगर प्रखंड सह अंचल कार्यालय में समीक्षा बैठक हुई। अंचल अधिकारी के प्रकोष्ठ में आयोजित बैठक में समस्तीपुर के एडीएम आपदा राजेश कुमार सिंह ने अभियान की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सीओ अंम्बपाली यादव, सीआई, राजस्व कर्मचारियों और अंचल अमीन के साथ करीब दो घंटे तक बैठक कर आवश्यक जानकारी ली तथा अधिकारियों और कर्मचारियों को कई महत्वपूर्ण दिशा निर्देश दिए।

बैठक के दौरान एडीएम आपदा ने अंचल में चल रहे जमाबंदी अद्यतीकरण, नामांतरण एवं उत्तराधिकार से संबंधित मामलों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने सीओ से पंचायतवार और हल्कावार कार्यों की प्रगति के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इसके बाद उपस्थित सभी राजस्व कर्मचारियों से उनके अपने हल्का क्षेत्र में जमीन से संबंधित मामलों की बिंदुवार जानकारी ली गई। उन्होंने लंबित मामलों, नामांतरण, जमाबंदी में आवश्यक सुधार, उत्तराधिकार से जुड़े मामलों तथा अन्य राजस्व कार्यों की स्थिति के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।

एडीएम ने राजस्व कर्मचारियों को निर्देश दिया कि अभियान के दौरान प्राप्त आवेदनों और संबंधित मामलों का निर्धारित प्रक्रिया के तहत तेजी से निष्पादन किया जाए। किसी भी स्तर पर अनावश्यक रूप से मामले लंबित नहीं रखे जाएं। उन्होंने सभी राजस्व कर्मियों को अपने अपने हल्का क्षेत्र में नियमित रूप से कार्यों की निगरानी करने और निर्धारित समय सीमा के अंदर कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य लोगों को भूमि संबंधी मामलों के निष्पादन में सुविधा उपलब्ध कराना है, इसलिए इसमें किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। बैठक में एडीएम आपदा ने राजस्व कर्मियों से क्षेत्र में आने वाली समस्याओं और कार्य निष्पादन के दौरान उत्पन्न होने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक समन्वय स्थापित कर समस्याओं का समाधान करने का निर्देश दिया। साथ ही अभियान के तहत किए जा रहे कार्यों का नियमित अनुश्रवण करते रहने की बात कही। बताया गया कि बिहार सरकार की ओर से जमाबंदी अद्यतीकरण एवं नामांतरण उत्तराधिकार विशेष अभियान 15 सितंबर से 31 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान भूमि संबंधी अभिलेखों को अद्यतन करने के साथ नामांतरण और उत्तराधिकार से जुड़े मामलों के निष्पादन पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में अंचल स्तर पर अधिकारियों द्वारा लगातार कार्यों की समीक्षा की जा रही है। बैठक में राजस्व कर्मचारी राकेश मिश्रा, शिवम कुमार, विवेक कुमार मंडल, विकेश कुमार, नीतीश कुमार सहित अन्य राजस्व कर्मचारी, अंचल अमीन राकेश कुमार, कल्पना कुमारी और सुनीता कुमारी मौजूद थीं। एडीएम ने सभी संबंधित कर्मियों को अभियान की समय सीमा को ध्यान में रखते हुए कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!