शव पहुंचते ही परिवार में मचा कोहराम, मां-पिता और भाइयों का रो-रोकर बुरा हाल
शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत बंधार पंचायत के सुगा रमौल बलहा गांव निवासी सुधीर लाल के 31 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार लाल का इलाज के दौरान दिल्ली में निधन हो गया। राहुल रेलवे के कटिहार डिवीजन अंतर्गत आमबारी फाला काट स्टेशन पर प्वाइंट्समैन-बी के पद पर कार्यरत थे। पिछले कुछ महीनों से लीवर की गंभीर बीमारी से पीड़ित राहुल का पटना, दिल्ली और गुरुग्राम में इलाज चल रहा था। करीब चार महीने से उनका विभिन्न अस्पतालों में उपचार कराया जा रहा था। इसी क्रम में दिल्ली स्थित एनआरसीएच अस्पताल में उनकी मौत हो गई।
राहुल के निधन की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। दिल्ली से शव गांव पहुंचते ही अंतिम दर्शन के लिए ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। शव घर पहुंचते ही मां उर्मिला देवी, पिता सुधीर लाल तथा भाई सौरभ कुमार लाल और रौशन कुमार लाल सहित अन्य परिजनों का रो रोकर बुरा हाल हो गया। मां और पिता सहित परिवार के अन्य सदस्य शव से लिपटकर विलाप करने लगे। परिजनों के करुण क्रंदन से माहौल गमगीन हो गया।
मृतक के घर पहुंचकर मिंटू लाल, उमेश लाल, चंदन लाल, राजीव लाल, रौशन लाल, राकेश लाल सहित अन्य लोगों ने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया। ग्रामीणों ने बताया कि राहुल मिलनसार और व्यवहार कुशल युवक थे। अपने शांत एवं सहज स्वभाव के कारण वह गांव और परिचितों के बीच काफी लोकप्रिय थे। कम उम्र में ही बीमारी के कारण हुई उनकी मौत से ग्रामीणों में भी शोक की लहर है।
परिजनों के अनुसार राहुल की अभी शादी भी नहीं हुई थी। परिवार को उनसे काफी उम्मीदें थीं। बीमारी के दौरान परिजनों ने उनके बेहतर इलाज के लिए पटना से लेकर दिल्ली और गुरुग्राम तक उपचार कराया, लेकिन चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। राहुल का शव गांव पहुंचने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे। पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा रहा और हर कोई परिवार को सांत्वना देते नजर आया।

Total Users : 10231616
Views Today : 4082