Explore

Search

September 23, 2026 5:47 pm

राजकीय डिग्री कॉलेज सिंघिया में दिनकर जयंती पर विशेष व्याख्यान, भारतीय संस्कृति पर हुई चर्चा

राजकीय डिग्री कॉलेज सिंघिया में दिनकर जयंती पर विशेष व्याख्यान, भारतीय संस्कृति पर हुई चर्चा

 

 

सिंघिया। राजकीय डिग्री महाविद्यालय सिंघिया में राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की जयंती के अवसर पर “राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की दृष्टि में भारतीय संस्कृति” विषय पर विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दिनकर के साहित्य के माध्यम से भारतीय संस्कृति, राष्ट्रीय चेतना, समन्वय, शांति, आत्मसम्मान और मानवीय मूल्यों पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. सत्येन कुमार ने की। हिंदी विभाग के सहायक प्राध्यापक अवधेश कुमार कार्यक्रम के संयोजक तथा राजनीति विज्ञान विभाग की अपूर्वा कृति सह-संयोजिका रहीं। विशिष्ट वक्ता के रूप में डॉ. सोनू कुमार ठाकुर उपस्थित रहे।

अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. सत्येन कुमार ने दिनकर की कविताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति केवल सहिष्णुता और शांति की संस्कृति नहीं है, बल्कि इसमें आत्मसम्मान, वीरता और अन्याय के विरुद्ध संघर्ष की चेतना भी निहित है। उन्होंने रश्मिरथी के ‘कृष्ण की चेतावनी’ प्रसंग का उदाहरण देते हुए बताया कि भारतीय संस्कृति पहले संवाद, मैत्री और शांति का मार्ग अपनाती है, लेकिन न्याय और सम्मान की रक्षा का प्रश्न आने पर अन्याय के सामने झुकना इसकी प्रकृति नहीं है।

विशिष्ट वक्ता डॉ. सोनू कुमार ठाकुर ने दिनकर की चर्चित कृति ‘संस्कृति के चार अध्याय’ के संदर्भ में भारतीय संस्कृति की व्यापकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि दिनकर भारतीय संस्कृति को किसी एक जाति, वर्ग या कालखंड तक सीमित नहीं करते, बल्कि विभिन्न संस्कृतियों, परंपराओं और विचारधाराओं के दीर्घकालीन समन्वय से निर्मित जीवंत संस्कृति के रूप में देखते हैं।

कार्यक्रम के संयोजक अवधेश कुमार ने अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। सह-संयोजिका अपूर्वा कृति ने धन्यवाद ज्ञापित किया, जबकि अर्थशास्त्र विभाग की कल्याणी कुमारी ने मंच संचालन किया।

इस अवसर पर डॉ. कुमारी मनीषा, अंकलेश कुमार, मिलन कुमार, नवनीत कुमार, कीर्तिमा सिंह, अन्वेषा कुमारी, प्रतीक दीप, प्रकाश गौतम सहित अन्य शिक्षक एवं शिक्षेतर कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी भी शामिल हुए।

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!