आयात शुल्क बढ़ते ही बढ़ी सोने की तस्करी, बाजार भाव से 10 लाख रुपये प्रति किलो तक सस्ता मिल रहा अवैध सोना
नई दिल्ली। सोने पर आयात शुल्क बढ़ने के बाद देश में सोने की तस्करी के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। सर्राफा कारोबार से जुड़े विशेषज्ञों के अनुसार खाड़ी देशों, नेपाल और बांग्लादेश के रास्ते बड़ी मात्रा में अवैध सोना भारत पहुंच रहा है। तस्करी के जरिए आने वाला सोना बाजार मूल्य की तुलना में 8 से 10 लाख रुपये प्रति किलो तक सस्ता मिल रहा है, जिससे तस्करों को भारी मुनाफा हो रहा है।
जानकारों का कहना है कि खाड़ी देशों से आने वाले कई यात्री सोने को आभूषण के रूप में पहनकर भारत लाते हैं और एयरपोर्ट पर इसकी घोषणा किए बिना ग्रीन चैनल से बाहर निकल जाते हैं। इससे सरकार को राजस्व का नुकसान होता है और अवैध कारोबार को बढ़ावा मिलता है।
इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन के राष्ट्रीय सचिव सुरेंद्र मेहता के अनुसार अनौपचारिक चैनलों से आने वाले अधिकांश सोने का स्रोत खाड़ी देश हैं। उनका कहना है कि जब भी आयात शुल्क बढ़ता है, ग्रे मार्केट और तस्करी को बढ़ावा मिलता है।
बुलियन कारोबारियों के मुताबिक एक किलो सोने की लैंडेड कॉस्ट लगभग 1.65 करोड़ रुपये होती है, जिसमें आयात शुल्क और जीएसटी का बड़ा हिस्सा शामिल रहता है। यही कारण है कि तस्करी के जरिए लाया गया सोना कम कीमत पर बेचने के बावजूद तस्करों को 15 से 17 लाख रुपये प्रति किलो तक का लाभ मिल जाता है।
खाड़ी देशों के अलावा नेपाल और बांग्लादेश भी सोने की तस्करी के प्रमुख मार्ग बन चुके हैं। महाराष्ट्र, गुजरात, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में तस्करी के कई मामले सामने आ रहे हैं। हाल ही में मुंबई एयरपोर्ट पर दुबई से आए दो यात्रियों के पास से 4.19 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य का तस्करी किया गया सोना बरामद किया गया था।
विशेषज्ञों का मानना है कि वर्ष 2013 से अब तक जब-जब आयात शुल्क में वृद्धि हुई है, तब-तब सोने की तस्करी में भी इजाफा दर्ज किया गया है। वहीं शुल्क कम होने पर अवैध आयात में कमी देखने को मिली है। वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल के आंकड़े भी इसी प्रवृत्ति की पुष्टि करते हैं।
इस बीच घरेलू वायदा बाजार में भी सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। एमसीएक्स पर सोने का वायदा भाव 446 रुपये की गिरावट के साथ 1,58,900 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता दिखा, जबकि चांदी का वायदा भाव 2,475 रुपये गिरकर 2,64,232 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया।



Total Users : 10119607
Views Today : 758