Explore

Search

April 16, 2026 12:57 pm

CBSE Board Result: 99.6% के साथ खगौल की दायल प्रभा बनीं टॉपर, पटना जोन में 89.33% छात्र पास

 

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड यानी सीबीएसई ने बुधवार को 10वीं बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया. इस बार पटना जोन का कुल पास प्रतिशत 89.33% रहा, जो पिछले वर्ष 2025 के 91.90 प्रतिशत की तुलना में 2.57 प्रतिशत कम है.

पटना जोन का पास प्रतिशत गिरा : लगातार तीसरे साल पटना जोन के प्रदर्शन में गिरावट दर्ज की गई है. वर्ष 2024 में यह आंकड़ा 92.91 प्रतिशत था, जिससे साफ है कि पिछले तीन वर्षों में रिजल्ट ग्राफ नीचे आया है. इसके बावजूद पटना जोन ने कई अन्य जोन से बेहतर प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर 18वां स्थान हासिल किया.

लड़कियों का प्रदर्शन लड़कों से बेहतर : पटना जोन से इस वर्ष 10वीं बोर्ड परीक्षा में 1206 स्कूलों के कुल 179418 विद्यार्थी शामिल हुए, जिनमें 160275 छात्र-छात्राएं सफल घोषित किए गए. परीक्षा में 110933 छात्र और 68485 छात्राएं शामिल हुई थीं. इनमें 88.6 प्रतिशत छात्र सफल हुए, जबकि छात्राओं का प्रदर्शन बेहतर रहा और 90.49 प्रतिशत छात्राएं पास हुईं.

दायल प्रभा को 99.6% अंक : पटना स्थित डीएवी स्कूल खगौल की छात्रा दायल प्रभा को 99.6 प्रतिशत प्राप्त हुआ. हालांकि एक बार फिर लड़कियों ने लड़कों के मुकाबले बेहतर परिणाम देकर अपनी बढ़त कायम रखी. राष्ट्रीय स्तर पर भी यही रुझान देखने को मिला, जहां 94.99 प्रतिशत छात्राएं और 92.69 प्रतिशत छात्र सफल हुए.

अंकों के लिहाज से भी इस बार बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया. देशभर में 221574 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए, जो कुल परीक्षार्थियों का 8.96 प्रतिशत है. वहीं 55368 विद्यार्थियों ने 95 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए, जो कुल का 2.24 प्रतिशत है.

बिहार के 15,805 छात्रों को कंपार्टमेंटल : पटना जोन में भी सैकड़ों विद्यार्थियों ने 90 और 95 प्रतिशत से अधिक अंक लाकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया. हालांकि बिहार के 15, 805 स्टूडेंट्स को कंपार्टमेंटल लगा है. इस वर्ष देश भर में 147172 विद्यार्थियों को कंपार्टमेंट भी मिला है, जो पिछले साल 141353 था.
जोनल रैंकिंग में पटना 18वें स्थान पर : जोनल रैंकिंग में पटना 18वें स्थान पर रहा, लेकिन इसने रायपुर, नोएडा, रांची और गुवाहाटी जैसे जोन को पीछे छोड़ दिया. पटना जोन का 89.33 प्रतिशत परिणाम रहा, जबकि रायपुर 88.41, नोएडा 87.66, रांची 86.18 और गुवाहाटी 85.32 प्रतिशत पर रहे. शीर्ष स्थान पर त्रिवेंद्रम और विजयवाड़ा संयुक्त रूप से 99.79 प्रतिशत के साथ रहे, जबकि चेन्नई 99.58 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर रहा.

ऐसे करें अपना रिजल्ट चेक : रिजल्ट जारी होने के बाद अब छात्र डिजीलॉकर से अपनी प्रोविजनल मार्कशीट तुरंत डाउनलोड कर सकते हैं. साथ ही छात्र अपना परिणाम cbseresults.nic.in और results.cbse.nic.in पर अपना रोल नंबर, स्कूल का कोड और एडमिट कार्ड की आईडी डालकर देख सकते हैं.

कंपार्टमेंट परीक्षा की तिथि घोषित करेगा बोर्ड : जिन छात्रों का रिजल्ट क्लियर नहीं हुआ है, उनके लिए बोर्ड जल्द ही कंपार्टमेंट परीक्षा की तिथि घोषित करेगा. वहीं, जिन विद्यार्थियों को अपने अंकों पर संदेह है, वे री-वेरिफिकेशन और स्क्रूटनी के लिए आवेदन कर सकेंगे.

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!