Explore

Search

March 12, 2026 12:02 pm

सेफ्टी टैंक में दम घुटने से मरे 3 लोगों के परिजनों को मिला 4-4 लाख रुपए का चेक

सेफ्टी टैंक में दम घुटने से मरे 3 लोगों के परिजनों को मिला 4-4 लाख रुपए का चेक

बिहार के समस्तीपुर जिले के बिथान प्रखंड के लेरझा घाट थाना क्षेत्र के सलहा बुजुर्ग गांव में सेफ्टी टैंक में जहरीली गैस से तीन लोगों की मौत हो गई थी। अंचल प्रशासन ने मृत लोगों के परिजनों को शनिवार को 4-4 लाख रुपए का चेक प्रदान किया। बिथान अंचल कार्यालय में सीओ रूबी यादव व सलहा बुजुर्ग पंचायत के मुखिया दुर्ददाना परवीन उर्फ चांदनी ने तीनों मृतक के परिजनों को 4-4 लाख रुपए का चेक प्रदान किया। मुखिया दुर्ददाना परवीन उर्फ चांदनी ने बताया कि आपदा राहत कोष के तहत मृत तीनों लोग उक्त गांव की राम उमेश साहु,दयाराम साहु व राधे श्याम साहु के परिजन को चार-चार लाख कुल 12 लाख रुपए का चेक अंचल प्रशासन बिथान द्वारा प्रदान किया गया है। चेक वितरण में सीओ रूबी यादव,मुखिया दुर्ददाना परवीन उर्फ चांदनी, डॉ आसिफ अमीन आदि मौजूद थे। बताते चले कि इस हृदयविदारक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया था। शौचालय की टंकी की सफाई के दौरान एक ही परिवार के तीन लोगों की दम घुटने से मौत हो गई थी। मृतकों में दो सगे भाई और एक किशोर पुत्र शामिल था। घटना के बाद गांव में मातम छा गया है और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था।

घटना उस समय हुई जब राम उमेश साहू (42) अपने आवास परिसर में बने एक पुराने शौचालय टंकी की सफाई के लिए नीचे उतरे। बताया जा रहा है कि पुरानी टंकी से नई टंकी में गैस और पानी का रिसाव हो रहा था। जब राम उमेश काफी देर तक बाहर नहीं आए, तो उनके छोटे भाई दया राम साहू (38) उन्हें देखने और बचाने के लिए उसी टंकी में उतरे। दुर्भाग्यवश, वह भी अंदर जाते ही बेहोश हो गए। इसके बाद दया राम का 15 वर्षीय बेटा राधेश्याम साहू अपने पिता और चाचा को बचाने के लिए टंकी में कूदा, लेकिन वह भी दम घुटने से वहीं गिर पड़ा।

घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई। जेसीबी और सीढ़ियों की मदद से तीनों को टंकी से बाहर निकाला गया और तत्काल हसनपुर सीएचसी में भर्ती कराया गया। हालांकि हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने तीनों को रेफर कर दिया। परिजन उन्हें इलाज के लिए बेगूसराय ले गए, जहां इलाज के दौरान तीनों की मौत हो गई।

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!