Explore

Search

March 13, 2026 1:27 am

दरभंगा में बर्ड फ्लू की पुष्टि, हजारों कौवों की मौत के बाद प्रशासन अलर्ट

दरभंगा में बर्ड फ्लू की पुष्टि, हजारों कौवों की मौत के बाद प्रशासन अलर्ट

चिकन-अंडा खाने से परहेज की अपील, कई इलाकों में निगरानी तेज

दरभंगा शहर में बर्ड फ्लू (एवियन इन्फ्लूएंजा) की पुष्टि होने के बाद जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। शहर के वार्ड संख्या 31 स्थित मुक्ति धाम क्षेत्र में बड़ी संख्या में कौवों की मौत के बाद डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग की जांच में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसके बाद प्रशासन ने एहतियाती दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।

नगर निगम की टीम ने जमालपुर स्थित मुक्ति धाम से करीब 10,000 मृत कौवों को जेसीबी मशीन की सहायता से एकत्र कर वैज्ञानिक विधि से दफनाया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग और पशुपालन विभाग की संयुक्त टीम भी मौके पर मौजूद रही ताकि संक्रमण के फैलाव को रोका जा सके।
लोगों से सावधानी बरतने की अपील
जिलाधिकारी ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी मृत पक्षी को हाथ न लगाएं और ऐसी कोई भी स्थिति दिखने पर तुरंत प्रशासन को सूचित करें। एहतियातन नागरिकों से कुछ समय के लिए चिकन और अंडा खाने से परहेज करने को भी कहा गया है।
अन्य इलाकों से भी पक्षियों की मौत की सूचना
स्थानीय वार्ड पार्षद नफीसुल हक उर्फ रिंकू और नवीन सिन्हा ने बताया कि शहर के अन्य हिस्सों से भी मुर्गों और मुर्गियों की मौत की खबरें मिल रही हैं। विभागीय टीमें लगातार नमूने लेकर जांच कर रही हैं और प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है।
प्रशासन की सतत निगरानी
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि समय पर सतर्कता और स्वच्छता से इस तरह की बीमारियों पर काबू पाया जा सकता है, इसलिए नागरिकों को घबराने के बजाय सावधानी बरतने की जरूरत है।

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!