रोसड़ा अनुमंडल पर भाकपा का धरना, बिजली बिल गबन और लंबित जमाबंदी को लेकर प्रदर्शन
समस्तीपुर जिले के रोसड़ा प्रखंड के
चकथात पुरब पंचायत के गांवों में बिजली बिल की राशि के कथित गबन और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में जमाबंदी की अनिवार्यता से उत्पन्न समस्याओं को लेकर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) ने शनिवार को रोसड़ा अनुमंडल कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने दो सूत्री मांगों के समर्थन में एकदिवसीय धरना दिया।
बिजली बिल वसूली में धोखाधड़ी का आरोप
गोविंदपुर, खैरा, बटहा और उदयपुर गांव के उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग की फ्रेंचाइजी कंपनी के एक कर्मी ने उनसे बिल की राशि वसूल की, लेकिन उसे सरकारी खाते में जमा नहीं किया। इसके बाद विभाग द्वारा कनेक्शन काटने की कार्रवाई से ग्रामीणों में भारी रोष है।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि फ्रेंचाइजी कर्मी द्वारा ली गई राशि का उपभोक्ताओं के बिल में समायोजन किया जाए तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई हो।
किसानों की लंबित जमाबंदी पर चिंता
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसान कार्ड बनाने के लिए राजस्व विभाग में जमाबंदी से जुड़े हजारों आवेदन लंबित बताए गए हैं। भाकपा माले नेता सुरेंद्र कुमार सिंह ने चेतावनी दी कि समय रहते जमाबंदी कायम नहीं हुई तो सैकड़ों किसान योजना के लाभ से वंचित हो जाएंगे।
उन्होंने मांग की कि लंबित आवेदनों का तत्काल निपटारा किया जाए और जमाबंदी प्रक्रिया पूरी होने तक किसानों को योजना का लाभ मिलता रहे।
धरना प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द समाधान की मांग की।






Total Users : 10056785
Views Today : 314