Explore

Search

June 22, 2026 5:31 pm

सब्जी बेचने वाले किसान के बेटे ने मुंबई में बनाई पहचान, अब Jio Hotstar पर रिलीज होगी फिल्म

सब्जी बेचने वाले किसान के बेटे ने मुंबई में बनाई पहचान, अब Jio Hotstar पर रिलीज होगी फिल्म

 

**समस्तीपुर।** बिहार के समस्तीपुर जिले के परोरिया गांव निवासी किसान उमेश दास के पुत्र **रूपक कुमार** की संघर्ष भरी कहानी आज युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है। कभी पिता के साथ खेतों में काम करने और मंडी में सब्जियां बेचने वाले रूपक अब मुंबई की फिल्म इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाने में सफल हो गए हैं। उनकी फिल्म **”TAVVAI”** 29 जून को **Jio Hotstar** पर रिलीज होने जा रही है।

 

रूपक कुमार का बचपन गांव में ही बीता। परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य थी, इसलिए वह अपने पिता के साथ खेती-किसानी में हाथ बंटाते थे। खेत में जो भी सब्जियां उगती थीं, उन्हें मंडी तक पहुंचाकर बेचने का काम भी करते थे। हालांकि उनके मन में कुछ बड़ा करने का सपना था। इसी सपने को पूरा करने के लिए वर्ष 2015 में उन्होंने हरियाणा का रुख किया, जहां होटल मैनेजमेंट की पढ़ाई शुरू की।

 

वर्ष 2019 में रूपक अपने सपनों को लेकर मुंबई पहुंच गए। लेकिन मायानगरी का सफर उनके लिए बेहद कठिन साबित हुआ। फिल्मों में काम पाने के लिए उन्होंने लगातार ऑडिशन दिए, लेकिन कई बार उन्हें स्टूडियो के गेट से ही वापस लौटा दिया जाता था। कभी ऑडिशन का मौका मिलता तो शुरुआती दौर में ही बाहर कर दिया जाता। संघर्ष के दिनों में कई लोगों ने काम दिलाने के नाम पर उनसे पैसे भी लिए, लेकिन बदले में कुछ नहीं मिला। एक समय ऐसा भी आया जब उनके पास खाने तक के पैसे नहीं बचे और वह भूखे पेट इधर-उधर भटकने को मजबूर हो गए।

 

रूपक बताते हैं कि उस समय गांव में परिवार और रिश्तेदारों को उम्मीद थी कि वह शहर में नौकरी कर घर की आर्थिक स्थिति सुधारेंगे, लेकिन हकीकत कुछ और ही थी। कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार प्रयास जारी रखा। आखिरकार उन्हें जूनियर आर्टिस्ट के रूप में काम करने का मौका मिला, जहां प्रतिदिन लगभग 500 रुपये की कमाई होती थी।

 

उनकी मेहनत और लगन ने धीरे-धीरे रंग दिखाना शुरू किया। वर्ष 2022 में निर्देशक सैफ वैद्य ने उन्हें अपने साथ पर्सनल असिस्टेंट डायरेक्टर के रूप में काम करने का अवसर दिया। इसी दौरान उनकी मुलाकात निर्देशक जयेश पवार से हुई। रूपक के काम और समर्पण को देखकर उन्हें फिल्म **”TAVVAI”** में अभिनय का मौका मिला।

 

इस फिल्म में रूपक ने वरिष्ठ अभिनेता मनोज जोशी के साथ एक किसान की भूमिका निभाई है। फिल्म में मुख्य अभिनेता भूषण प्रधान हैं, जबकि अर्पित रांका खलनायक के किरदार में नजर आएंगे। करीब 6 से 7 करोड़ रुपये की लागत से बनी इस फिल्म की शूटिंग उज्जैन, बड़नगर, मुंबई और गुजरात के विभिन्न स्थानों पर हुई है।

 

गांव के खेतों से लेकर मुंबई के फिल्मी पर्दे तक का रूपक कुमार का यह सफर बताता है कि मेहनत, धैर्य और आत्मविश्वास के दम पर कोई भी सपना पूरा किया जा सकता है। आज रूपक की सफलता समस्तीपुर ही नहीं, बल्कि पूरे बिहार के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन चुकी है।

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!