Explore

Search

July 28, 2026 6:25 pm

नालंदा के शीतला मंदिर में भगदड़, 8 श्रद्धालुओं की मौत – भीड़ प्रबंधन पर उठे गंभीर सवाल

नालंदा के शीतला मंदिर में भगदड़, 8 श्रद्धालुओं की मौत – भीड़ प्रबंधन पर उठे गंभीर सवाल

नालंदा जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां दीपनगर थाना क्षेत्र के मघड़ा स्थित शीतला मंदिर में भगदड़ मचने से 8 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए हैं। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है और लोग मंदिर प्रबंधन व प्रशासन की लापरवाही पर सवाल उठा रहे हैं। मौके पर दीपनगर थाना पुलिस, सदर डीएसपी और एसडीएम की टीम पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में जुट गई है। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, चैत माह के अंतिम मंगलवार के कारण मंदिर में करीब 25 हजार से अधिक श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी थी। इसी दौरान अचानक एक व्यक्ति द्वारा शोर मचाने से अफरा-तफरी फैल गई और भगदड़ की स्थिति बन गई। सभी मृतक महिलाओं के होने की जानकारी सामने आई है, जिनमें 45 वर्षीय रेखा देवी और 50 वर्षीय रीता देवी की पहचान हो चुकी है।
पटना से आई श्रद्धालु ममता देवी ने बताया कि भीड़ अनियंत्रित हो गई थी और मौके पर कोई प्रशासनिक व्यवस्था नहीं थी, जिससे हालात बिगड़ गए। मंदिर परिसर में सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने पर लोगों ने नाराजगी जताई है।
मंदिर के पुजारी गुट्टू सिंहवाह ने बताया कि अत्यधिक भीड़ के कारण कई श्रद्धालुओं का ब्लड प्रेशर गिर गया और लोगों को मंदिर में प्रवेश तक के लिए जगह नहीं मिल रही थी। उन्होंने कहा कि एम्बुलेंस भी देर से पहुंची, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।
इस दुखद घटना पर सम्राट चौधरी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करेगी और घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था की जा रही है।
फिलहाल प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और भीड़ प्रबंधन में लापरवाही को लेकर दोषियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!