ऑटो में पहुंचकर DSO ने की छापेमारी, 100 रुपये लीटर LPG बेचने पर पंप कराया बंद
जयपुर में एलपीजी पंपों की मनमानी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है। रसद विभाग के डीएसओ प्रथम प्रियव्रत सिंह चारण ने सोमवार को ट्रांसपोर्ट नगर स्थित एक निजी एलपीजी पंप पर छापेमारी कर उसे बंद करा दिया।
कार्रवाई की खास बात यह रही कि डीएसओ खुद आम उपभोक्ता बनकर ऑटो में बैठकर मौके पर पहुंचे और करीब एक घंटे तक लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार किया। जब उनकी बारी आई तो उन्होंने पाया कि पंप पर एलपीजी गैस 99.95 रुपये यानी करीब 100 रुपये प्रति लीटर की दर से बेची जा रही थी। यह देखते ही उन्होंने तुरंत पंप बंद कराने के निर्देश दे दिए।
जांच के दौरान पंप संचालकों ने दलील दी कि उनका पंप निजी कंपनी का है और उन्हें सरकार से कोई सब्सिडी नहीं मिलती, इसलिए वे अपनी मर्जी से रेट तय कर सकते हैं। इस पर डीएसओ ने कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत इस तरह आम जनता से मनमानी वसूली नहीं की जा सकती।
डीएसओ ने कहा कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और यह पता लगाया जाएगा कि पंपों को किस दर पर गैस मिल रही है और वे कितना मुनाफा कमा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कालाबाजारी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वहीं, एलपीजी पंपों की मनमानी के खिलाफ ऑटो यूनियन भी सक्रिय हो गई है। यूनियन के पदाधिकारी कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंप चुके हैं। उन्होंने मांग की है कि सभी पंपों पर गैस की दरें सरकारी नियमों के अनुसार तय की जाएं और मनमानी वसूली पर रोक लगाई जाए।






Total Users : 10080631
Views Today : 1318