गलगल चौक पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पिकअप से 45 कार्टन विदेशी शराब बरामद, दो गिरफ्तार
शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत हथौड़ी थाना क्षेत्र के गलगल चौक पर मंगलवार देर रात पुलिस ने गश्ती के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की। इस दौरान चालक और खलासी को गिरफ्तार कर लिया गया। बरामद शराब की कुल मात्रा लगभग 405 लीटर बताई जा रही है, जिसमें 45 कार्टन और करीब 540 बोतल विदेशी शराब शामिल हैं। थाना अध्यक्ष मौसम के नेतृत्व में एएसआई प्रियंका कुमारी रात्रि गश्ती कर रही थीं। इसी दौरान गुप्त सूचना के आधार पर गलगल चौक के पास वाहन जांच अभियान चलाया गया। जांच के क्रम में समस्तीपुर से बहेरी की ओर जा रहे एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोका गया। पुलिस ने जब वाहन की तलाशी ली तो उसमें घरेलू सामान जैसे टूटे हुए वाशिंग मशीन, फ्रिज, लकड़ी के अलमीरा और बर्तन रखे हुए थे। संदेह होने पर जब इन सामानों को हटाकर जांच की गई तो उसके नीचे छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही चालक और खलासी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार चालक की पहचान वैशाली जिले के जंदाहा थाना क्षेत्र के महुआ गांव निवासी भोला राय के पुत्र श्रवण कुमार के रूप में हुई है, जबकि खलासी खगड़िया जिले के बेलदौर थाना क्षेत्र के सनमावाशा गांव निवासी बिजली शाह के पुत्र बिट्टू शाह के रूप में की गई है। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपितों ने पुलिस को बताया कि उन्हें वाहन में शराब होने की जानकारी नहीं थी। उनके अनुसार सामान के नीचे शराब छिपाकर रखा गया था और उन्हें दरभंगा जिले के बेनीपुर तक सामान पहुंचाने के लिए कहा गया था, जहां कोई व्यक्ति माल रिसीव करने वाला था। थाना अध्यक्ष ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है तथा इस अवैध शराब कारोबार में संलिप्त अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है। उन्होंने कहा कि दोनों को न्यायालय भेज दिया गया है।






Total Users : 10081342
Views Today : 1773