Explore

Search

September 27, 2026 10:46 pm

मोतिहारी में दर्दनाक हादसा: BCA छात्र की मौत, परिजनों का हंगामा, पुलिस से झड़प

मोतिहारी में दर्दनाक हादसा: BCA छात्र की मौत, परिजनों का हंगामा, पुलिस से झड़प

मोतिहारी, 04 अप्रैल 2026 — मोतिहारी के नगर थाना क्षेत्र स्थित हॉस्पिटल चौक के पास शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में BCA के छात्र अभिषेक कुमार की मौत हो गई। वह LND कॉलेज में परीक्षा देने आया था। सड़क पार करने के दौरान एक स्कूल बस की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक के दोस्तों के अनुसार, हादसा सुबह करीब 7 बजे हुआ। आरोप है कि घायल छात्र को समय पर एंबुलेंस नहीं मिली, जबकि अस्पताल परिसर में एंबुलेंस मौजूद थी। अस्पताल पहुंचने में देरी और इलाज में लापरवाही के कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और छात्रों ने LND कॉलेज के मुख्य गेट के सामने शव रखकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान करीब तीन घंटे तक सड़क जाम रहा और यातायात पूरी तरह ठप हो गया। मौके पर हृदयविदारक दृश्य देखने को मिला—मृतक की छोटी बहन शव के पास बैठकर गाड़ियों को रोकती रही, जबकि मां रो-रोकर इंसाफ की गुहार लगाती रही।
सूचना मिलते ही पुलिस के वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन जब प्रदर्शनकारी हटने को तैयार नहीं हुए, तो पुलिस ने सख्ती दिखाई। इस दौरान पुलिस और परिजनों के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जो हाथापाई तक पहुंच गई।
सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में मृतक की मां के साथ धक्का-मुक्की का आरोप भी सामने आया है। परिजनों का कहना है कि पुलिस ने उनकी बात सुनने के बजाय लाठीचार्ज कर उन्हें खदेड़ दिया।
मृतक की बुआ ने कहा, “हमें न्याय चाहिए। पुलिस ने हमारी एक नहीं सुनी, डंडे से मारकर भगा दिया गया। घर का इकलौता बेटा परीक्षा देने आया था, इसी दौरान बस ने टक्कर मार दी। हम हर जगह आवाज उठाएंगे।”
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और स्थिति को नियंत्रण में बताया जा रहा है।

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!