किचन में महिला का पैर सांप पर पड़ा, शोर मचा तो बच्चों ने रेस्क्यू कर बचाई जान
शिवाजीनगर। प्रखंड के बल्लीपुर पंचायत स्थित वार्ड 7 में शनिवार रात आनंद पाठक के घर के किचन में काला विषैला सांप घुस आने से अफरा-तफरी मच गई। घटना उस समय हुई, जब परिवार की महिला पुष्पम देवी खाना बनाने के लिए किचन में गई थीं। इसी दौरान उनका पैर सांप पर पड़ गया। सांप का एहसास होते ही उन्होंने शोर मचाया और तुरंत किचन से बाहर निकलकर परिजनों को इसकी जानकारी दी।
परिजनों ने एहतियात के तौर पर किचन का दरवाजा बंद कर आसपास के लोगों को सूचना दी। कुछ देर बाद तलाशी लेने पर सांप सिलेंडर के पास छिपा मिला। सांप को देखकर लोग सुरक्षित दूरी पर खड़े हो गए।
इसी दौरान करीब आठ-दस बच्चे मौके पर पहुंचे और सावधानी से सांप को पकड़ने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद बच्चों ने सांप को एक डिब्बे में सुरक्षित बंद कर दिया। बाद में उसे आबादी से दूर सुनसान स्थान पर छोड़ दिया गया। घटना में किसी को नुकसान नहीं पहुंचा।
बच्चों के साहस और सूझबूझ की ग्रामीणों ने सराहना की। सांप के घर से निकल जाने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली।

Total Users : 10238051
Views Today : 4041