सिंघिया पीएचसी में डॉक्टरों ने ओपीडी सेवा अनिश्चितकाल के लिए की बंद, इमरजेंसी रहेगी चालू
बिहार के समस्तीपुर जिले के सिंघिया प्रखंड स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में डॉक्टरों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर शनिवार से ओपीडी सेवा अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दी। डॉक्टर सुभाष सिंह की अध्यक्षता में चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने मांगों के समर्थन में ओपीडी बंद रखने का निर्णय लिया।
डॉक्टरों के अनुसार, उनकी प्रमुख मांगों में सहरसा में डॉक्टर आजाद और डॉक्टर लाल को सम्मानपूर्वक पुनः पदस्थापित करना, सभी चिकित्सकों को सुरक्षा उपलब्ध कराना, पिछले तीन महीने से बकाया वेतन का भुगतान करना तथा फिंगर हाजिरी की व्यवस्था बंद करना शामिल है।
इस दौरान पीएचसी प्रभारी डॉ. एम.एम. अंसारी, डॉ. अविनाश तिवारी और डॉ. ज्योति सिंह समेत अन्य चिकित्सक मौजूद रहे। वहीं फार्मासिस्ट संजय सिंह, कन्हैया कुमार, नरेंद्र सिंह उर्फ गोपाल सिंह, मो. नसीम समेत कई स्वास्थ्यकर्मियों ने भी आंदोलन का समर्थन किया।
चिकित्सकों ने स्पष्ट किया कि ओपीडी सेवा बंद रहने के बावजूद इमरजेंसी सेवा चालू रहेगी। मारपीट, सड़क दुर्घटना प्रसव और अन्य गंभीर स्थिति वाले मरीजों का इलाज इमरजेंसी में किया जाएगा।
चिकित्सकों का कहना है कि जब तक बिहार सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती, तब तक ओपीडी सेवा अनिश्चितकाल तक बंद रहेगी।

Total Users : 10236295
Views Today : 3412