Explore

Search

September 24, 2026 8:12 pm

निजी अस्पतालों के औचक निरीक्षण में अनियमितताएं उजागर, शांति इमरजेंसी हॉस्पिटल के दोनों OT सील

निजी अस्पतालों के औचक निरीक्षण में अनियमितताएं उजागर, शांति इमरजेंसी हॉस्पिटल के दोनों OT सील

 

बिहार के समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर प्रखंड क्षेत्र में निजी अस्पतालों के संचालन से संबंधित प्राप्त सूचना के आधार पर अनुमंडल पदाधिकारी, समस्तीपुर के राकेश कुमार के नेतृत्व में गुरुवार, 24 सितंबर 2026 को निजी अस्पतालों का औचक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के क्रम में शांति इमरजेंसी हॉस्पिटल, पूसा रोड, कल्याणपुर में अस्पताल संचालन से संबंधित आवश्यक वैध दस्तावेज, चिकित्सक एवं पर्याप्त नर्सिंग स्टाफ उपलब्ध नहीं पाए गए। जांच के दौरान यह भी जानकारी सामने आई कि अस्पताल में एक प्रसूता महिला का सिजेरियन ऑपरेशन किया गया था तथा नवजात शिशु को उपचार के लिए भारत चाइल्ड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। परिजनों द्वारा इलाज के नाम पर लगभग 50 से 60 हजार रुपये लिए जाने का आरोप लगाया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पदाधिकारी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शांति इमरजेंसी हॉस्पिटल के दोनों ऑपरेशन थिएटर (OT) को सील कर दिया। साथ ही अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सकीय एवं अन्य व्यवस्थाओं तथा संचालन से संबंधित आवश्यक बिंदुओं की भी जांच की गई।

इसके पश्चात प्रशासनिक टीम द्वारा भारत चाइल्ड हॉस्पिटल का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल के NICU में पांच नवजात बच्चों के भर्ती होने की जानकारी मिली। जांच में यह पाया गया कि नवजात बच्चों के उपचार के लिए विशेषज्ञ शिशु रोग चिकित्सक की उपलब्धता नहीं थी तथा एक आयुष चिकित्सक द्वारा गंभीर स्थिति वाले बच्चों का उपचार किया जा रहा था। इस मामले में भी प्रशासन द्वारा आवश्यक जांच एवं नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।

निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी समस्तीपुर श्री राकेश कुमार, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, कल्याणपुर सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

अनुमंडल पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि प्रखंड क्षेत्र में संचालित निजी अस्पतालों की वैधता, आवश्यक दस्तावेज, चिकित्सकीय व्यवस्था, प्रशिक्षित एवं पर्याप्त स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता तथा मरीजों को प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जांच लगातार जारी रहेगी। नियमों एवं निर्धारित मानकों का उल्लंघन करने वाले निजी अस्पतालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में मानकों के विपरीत एवं अनियमित रूप से संचालित निजी अस्पतालों के संचालकों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!