समाहर्ता-सह-जिला पदाधिकारी, मुजफ्फरपुर श्री कुमार गौरव के निदेश पर मुजफ्फरपुर जिला में साईबर थाना के निर्माण के लिए जिला प्रशासन द्वारा ज़मीन उपलब्ध करा दिया गया है।
जिलाधिकारी ने कहा कि मड़वन अंचल अन्तर्गत चिकनौटा मौजा में लगभग एक एकड़ जमीन पर साईबर थाना का निर्माण किया जाना है। इसके लिए ज़मीन उपलब्ध कराने से संबंधित सारी प्रक्रिया अंचल, अनुमंडल एवं जिला स्तर से रिकॉर्ड समय दो महीने में पूरी कर ली गई है।
साईबर थाना निर्माण के लिए भूमि चिन्हित कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए गृह विभाग को विधिवत ज़मीन हस्तांतरित कर दिया गया है। अब भवन निर्माण का कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि वरीय पुलिस अधीक्षक, मुजफ्फरपुर द्वारा लगभग दो माह पूर्व भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए मुजफ्फरपुर जिलान्तर्गत साईबर थाना के भवन निर्माण हेतु पत्र दिया गया था। साईबर थाना जिला-स्तरीय थाना है। इसमें तकनीकी कार्य हेतु काफ़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी पदस्थापित किये जाते हैं। पुलिस पदाधिकारियों के लिए विभिन्न तकनीकी प्रशिक्षण एवं उपकरणों के अधिष्ठापन हेतु पर्याप्त भूमि की आवश्यकता थी। इसके आलोक में जिला प्रशासन द्वारा प्रक्रिया शुरू की गई एवं तेजी से कार्य करते हुए ज़मीन उपलब्ध करा दिया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि आज के डिजिटल युग में साइबर थाना का महत्व बहुत बढ़ गया है क्योंकि ऑनलाइन माध्यम से लोगों के साथ होने वाले धोखाधड़ी, चोरी, ठगी, धमकी इत्यादि को रोकना आवश्यक है। साइबर थाना एक विशेष पुलिस थाना है जो इंटरनेट और तकनीक से जुड़े अपराधों की जांच करता है। यूपीआई फ्रॉड, ओटीपी फ्रॉड, लोन ऐप धोखाधड़ी, लॉटरी, डिजिटल अरेस्ट, सोशल नेटवर्किंग साइट पर ठगी जैसे साइबर फ्रॉड एवं अपराधों को रोकने में साइबर थाना की महत्वपूर्ण भूमिका है।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा महिलाओं, बच्चों, किशोरों, बुजुर्गों सहित सभी व्यक्तियों की साइबर सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए समेकित एवं बहु-आयामी प्रयास किया जा रहा है। मुजफ्फरपुर जिला में साईबर थाना के नए भवन निर्माण से साइबर अपराध के मामलों को प्रभावी ढंग से रोकने में मदद मिलेगी।
सरकार द्वारा साइबर अपराध से बचाव हेतु जनहित में नियमित रूप से महत्वपूर्ण जानकारी जारी की जाती है। जिला प्रशासन, मुजफ्फरपुर आम जनता से अपील करता है कि इन एडवाइजरी का अनुपालन करें तथा साइबर सुरक्षा सुनिश्चित करें। सतर्क रहें। आपकी जानकारी एवं सतर्कता ही बचाव है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना 1930 पर दें

Total Users : 10234403
Views Today : 2089