गंडक नदी में बढ़ा जलश्राव, वाल्मीकिनगर बराज पर 5 लाख क्यूसेक तक पानी आने की संभावना
पटना, 27 सितंबर 2026। नेपाल के गंडक नदी के जल अधिग्रहण क्षेत्र में पिछले 24 घंटे में सामान्य से काफी अधिक बारिश होने के कारण गंडक नदी के जलश्राव में तेजी आई है। उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने बताया कि रविवार सुबह 11 बजे वाल्मीकिनगर बराज पर करीब 4.24 लाख क्यूसेक पानी का जलश्राव दर्ज किया गया, जिसकी प्रवृत्ति बढ़ने की है।
उप मुख्यमंत्री के अनुसार, नेपाल के देवघाट गेज स्थल पर दर्ज वर्तमान जलस्तर के आधार पर वाल्मीकिनगर बराज पर शाम तक करीब 5 लाख क्यूसेक या उससे अधिक जलश्राव पहुंचने की संभावना है। हालांकि, यह वर्ष 2024 में दर्ज अधिकतम 5.62 लाख क्यूसेक जलश्राव से कम रहने की संभावना जताई गई है।
स्थिति को देखते हुए सभी क्षेत्रीय पदाधिकारियों और अभियंताओं को 24 घंटे अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया गया है। गंडक नदी के दोनों तटबंधों की निगरानी के लिए अतिरिक्त अभियंताओं की भी प्रतिनियुक्ति की गई है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि फिलहाल गंगा नदी का जलस्तर कम रहने के कारण गंडक के पानी की निकासी गंगा में सुचारू रूप से होने की स्थिति है। इससे व्यापक जलजमाव या गंभीर बाढ़ का खतरा फिलहाल नहीं होने की संभावना है। उन्होंने लोगों से घबराने के बजाय सतर्क और सजग रहने की अपील की है।

Total Users : 10238203
Views Today : 4597