Explore

Search

April 16, 2026 1:36 am

CM बनते ही एक्शन में सम्राट चौधरी, अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश- ‘काम लटकाएं नहीं, रफ्तार बढ़ाएं’

CM बनते ही एक्शन में सम्राट चौधरी, अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश- ‘काम लटकाएं नहीं, रफ्तार बढ़ाएं’

पटना : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज नये मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद ही एक्शन में दिखने लगे हैं. सम्राट चौधरी ने मुख्य सचिवालय में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की और कहा कि आप सभी पूरी निष्ठा और लगन से काम करते रहे हैं. आप लोगों के साथ मुझे पहले से ही काम करने का अनुभव है. राज्य सरकार के मंत्री के रूप कई विभागों में काम करने के दौरान मेरा आप सभी से सम्पर्क रहा है.

”बिहार में जो भी काम हो रहे हैं, उसका संचालन अच्छे ढंग से हो रहा है. आप सभी काम की गति को और तीव्र करें. दुगुनी गति से काम होने पर समस्याओं का समाधान तेजी से होगा. राज्य में भ्रष्टाचार खत्म करने को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति पर पूरी दृढ़ता से काम करना है. ऊपर से नीचे तक किसी भी कीमत पर भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा.”- सम्राट चौधरी, मुख्यमंत्री, बिहार

‘कार्यों को लटकाने की प्रवृत्ति न हो’ : मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने जो योजनायें बनायी हैं, उसपर काम किया जा रहा है. उसका ससमय निष्पादन करना महत्वपूर्ण है. कार्यों को लटकाने की प्रवृत्ति मुख्यालय स्तर से लेकर नीचे तक कहीं भी नहीं होनी चाहिये. सिर्फ फाइल बढ़ाने और पत्र लिखने की प्रवृत्ति नहीं होनी चाहिये. जनता की समस्याओं का समाधान तेजी से हो, यह हमलोगों की प्रवृत्ति होनी चाहिये. किसी भी विभाग में जनता से जुड़ी कोई समस्या आती है तो उसपर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें.

”भूमि विवाद से संबंधित समस्याओं के समाधान को लेकर किसी प्रकार की जटिलता नहीं होनी चाहिये, कार्यों को सरल बनाते हुये उनका जल्द निपटारा करें. भूमि समस्या के कारण ही 60 से 70 प्रतिशत आपसी विवाद होता है. जनता परेशान न हो, खुशहाल रहे, इसको ध्यान में रखते हुये काम करना है. उन्होंने कहा कि प्रखण्ड, अंचल एवं थाना में आम जनता को सुविधा मिले तथा ससमय उनकी समस्या का समाधान हो.”- सम्राट चौधरी, मुख्यमंत्री, बिहार

नीतीश के काम को आगे बढ़ाना : मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं नीतीश कुमार के नेतृत्व में हमलोगों ने काम किया है. नीतीश कुमार जी ने जो काम किया है, उससे बिहार का बहुत विकास हुआ है, सभी लोग उससे अवगत हैं. उन्होंने सात निश्चय-1 और सात निश्चय-2 के तहत कई योजनाओं को पूर्ण कर राज्य के विकास को गति दिया है. प्रगति यात्रा के दौरान घोषित 430 योजनाओं पर भी काम तेजी से हो रहा है.
विभागों की होगी समीक्षा : 2025 में सात निश्चय-3 राज्य में लागू किया गया है, उस पर तेजी से काम करना है. प्रगति यात्रा और समृद्धि यात्रा के दौरान नीतीश कुमार जी के साथ मुझे सभी जगह जाने का अवसर मिला, उस दौरान जमीनी स्तर पर समस्याओं को नजदीक से देखा. उन सभी चीजों को ध्यान में रखते हुये हम सभी को बिहार को विकसित राज्य बनाने के लिये एकजुट होकर पूरी निष्ठा, अनुशासन और मेहनत के साथ काम करना होगा. सभी विभाग अपने-अपने कार्यों की प्रगति एवं अद्यतन स्थिति की रूप-रेखा तैयार करें, उसकी विस्तृत समीक्षा की जायेगी.

”जनता से संवाद कर समस्याओं का वास्तविक रूप में समाधान सुनिश्चित करना है. पूर्ण रूप से जनता की समस्याओं का समाधान हमलोगों का मकसद है. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के विकसित भारत के सपने को साकार करना है. बिहार को विकसित एवं समृद्ध प्रदेश बनाने के लिये हमलोगों को एकजुट होकर अनुशासन एवं संवेदनशीलता के साथ काम करना होगा.”- सम्राट चौधरी, मुख्यमंत्री, बिहार

इन अफसरों को दिए निर्देश : बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, अपर मुख्य सचिव/प्रधान सचिव/सचिव, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी श्री गोपाल सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ० चन्द्रशेखर सिंह सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे.

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!